Saturday , 14 November 2026

सीएम योगी ने किया ‘शौर्य गाथा’ पुस्तक का विमोचन, यूपी के वीर सैनिकों के पराक्रम और बलिदान को मिला सम्मान

मेरठ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मेरठ में आयोजित पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह में 27.50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार सैनिक कल्याण से जुड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं में उत्तर प्रदेश के आठ जिलों में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालयों के नए भवन और आवासीय सुविधाएं शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विशेष पुस्तक ‘शौर्य गाथा’ का विमोचन भी किया, जिसमें भारतीय सशस्त्र सेनाओं में उत्तर प्रदेश के वीर सैनिकों के पराक्रम, वीरता और बलिदान का संकलन किया गया है।

लोकार्पित परियोजनाओं का लाभ औरैया, अमेठी, गोरखपुर, चंदौली, शामली, संत कबीर नगर, अंबेडकर नगर और सोनभद्र के पूर्व सैनिकों तथा उनके परिवारों को मिलेगा। नए भवनों और विश्राम गृहों के बनने से उन्हें स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

आठ जिलों में सैनिक कल्याण कार्यालयों की सुविधाएं शुरू

कार्यक्रम में बताया गया कि उत्तर प्रदेश के कुल 75 जिलों में से 64 में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालयों की सुविधाएं उपलब्ध हैं। स्वतंत्रता के बाद स्थापित किए गए 24 कार्यालयों में से 12 का निर्माण वर्ष 2017 के बाद हुआ है। इन कार्यालयों और आवासीय सुविधाओं का उद्देश्य पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिवारों को जरूरी सेवाएं उनके जिले में ही उपलब्ध कराना है। इससे उन्हें सैनिक कल्याण से जुड़े कार्यों के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

‘शौर्य गाथा’ में शामिल हैं वीर सैनिकों की गौरवगाथाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समारोह में ‘शौर्य गाथा’ पुस्तक का विमोचन किया। इस पुस्तक में भारतीय सशस्त्र सेनाओं में उत्तर प्रदेश के वीर सपूतों के अद्वितीय पराक्रम, साहस, समर्पण और बलिदान की कहानियों को संकलित किया गया है। पुस्तक में अलग-अलग सैन्य अभियानों का परिचय देने के साथ वीरता पदक से सम्मानित सैनिकों की गौरवगाथाओं को भी शामिल किया गया है। इसमें उत्तर प्रदेश के सात अशोक चक्र, 30 कीर्ति चक्र और 133 शौर्य चक्र प्राप्त वीर सैनिकों की कहानियों को जगह दी गई है।

इस पुस्तक का उद्देश्य नई पीढ़ी को देश के वीर सैनिकों के शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति से परिचित कराना है, ताकि उनके बलिदान और योगदान को याद रखा जा सके।

वीर नारियों और पूर्व सैनिकों को किया गया सम्मानित

समारोह में देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले सैनिकों के परिवारों को सम्मानित किया गया। वीर नारियों में अर्ची सिंह (पत्नी मेजर अमित शर्मा, सेना मेडल), उषा शर्मा (मां मेजर केतन शर्मा, सेना मेडल), अबरीशा खातून (पत्नी सिपाही अजमेर अली, कीर्ति चक्र), विमलेश देवी (पत्नी सेपर सतीश कुमार, सेना मेडल), माला (पत्नी सिपाही नितिन कुमार), मीनू (पत्नी हवलदार अनिल कुमार तोमर, शौर्य चक्र), परविता देवी (पत्नी सूबेदार सुरेश कुमार), सीमा वालिया (पत्नी नायक अमित कुमार वालिया), संतोष कुमारी (पत्नी सिपाही राम दिया), गीता देवी (पत्नी हवलदार धर्मेंद्र कुमार), संगीता देवी (पत्नी लांस नायक जॉनी कुमार), नीतू सैनी (पत्नी नायक विकास कुमार) और सुमन देवी (पत्नी नायक जितेंद्र सिंह) शामिल रहीं।

इसके अलावा पूर्व सैनिक लांस नायक प्रियपाल सिंह और राइफलमैन हरबीर सिंह को भी सम्मानित किया गया।

Check Also

महादेव सट्टेबाजी ऐप केस में बड़ा एक्शन, 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर CBI की रेड; करोड़ों के लेनदेन के सबूत मिले

नई दिल्ली: महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई …