Wednesday , 18 November 2026

बाबा बागेश्वर की रामकथा से पहले कुंडा में सुरक्षा का कड़ा पहरा, 1000 पुलिसकर्मी संभालेंगे मोर्चा; 200 CCTV कैमरों से होगी निगरानी

 

प्रतापगढ़: कुंडा के बेंती राजभवन में 17 से 20 नवंबर तक होने वाली पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और वीआईपी मेहमानों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे आयोजन स्थल को 9 सेक्टर और 7 जोन में बांटा गया है। सुरक्षा व्यवस्था में करीब 1000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। परिसर और आसपास के इलाकों पर नजर रखने के लिए लगभग 200 सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।

प्रतापगढ़ के कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया बेंती राजभवन के परेड ग्राउंड में इस कथा का आयोजन करा रहे हैं। चार दिन के कार्यक्रम में देशभर से संत-महात्माओं, राजनेताओं और अन्य विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की उम्मीद है। इसी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के साथ यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की व्यवस्था भी की जा रही है।

9 सेक्टर और 7 जोन में सुरक्षा की जिम्मेदारी

पुलिस प्रशासन ने कथा परिसर को 9 सेक्टर और 7 जोन में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था तैयार की है। हर जोन की जिम्मेदारी पुलिस उपाधीक्षक यानी सीओ स्तर के अधिकारियों को दी गई है। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनंदन राय के मुताबिक, सुरक्षा में एक एसपी, तीन अपर पुलिस अधीक्षक और छह सीओ समेत करीब एक हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।

प्रतापगढ़ पुलिस के अलावा फतेहपुर, कौशांबी और प्रयागराज कमिश्नरेट से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। आयोजन स्थल पर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे और खुफिया विभाग की टीमें भी सक्रिय रहेंगी।

200 कैमरों से निगरानी, पंडाल में 100 बाउंसर

कथा परिसर और उसके आसपास के प्रमुख स्थानों पर करीब 200 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनके जरिए श्रद्धालुओं की आवाजाही और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सुरक्षा के लिए अलग से इंतजाम किए गए हैं। पंडाल में करीब 100 बाउंसरों की तैनाती की जानकारी भी सामने आई है।

16 से 20 नवंबर तक लागू रहेगा रूट डायवर्जन

कथा में आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए कुंडा क्षेत्र में 16 से 20 नवंबर तक यातायात डायवर्जन लागू किया गया है। इस दौरान सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी। बाबूगंज, मझिलगांव, कबड़ियागंज, तिलौरी मोड़, करेंटी और बेंती अंडरपास समेत प्रमुख स्थानों पर बैरियर लगाए गए हैं। अलग-अलग रास्तों से आने वाले भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।

छोटे वाहनों, ऑटो और ई-रिक्शा के लिए भी अलग-अलग प्वाइंट तय किए गए हैं। ई-रिक्शा चालकों को श्रद्धालुओं को कथा स्थल तक पहुंचाने के लिए पुलिस की ओर से पास जारी किए जा रहे हैं। प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित रास्तों का इस्तेमाल करने और पुलिसकर्मियों का सहयोग करने की अपील की है।

एक लाख श्रद्धालुओं के बैठने की क्षमता वाला पंडाल

बेंती राजभवन के परेड ग्राउंड में कथा के लिए बड़ा पंडाल तैयार किया गया है। मुख्य पंडाल 100 फीट चौड़ा और 560 फीट लंबा है। इसके दोनों ओर 54 फीट चौड़े और 400-400 फीट लंबे दो अतिरिक्त पंडाल बनाए गए हैं। कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के लिए 80 फीट लंबा और 48 फीट चौड़ा विशेष मंच तैयार किया गया है। मंच के पीछे हेलीपैड भी बनाया गया है।

आयोजन में आने वाले श्रद्धालुओं के भोजन और ठहरने की व्यवस्था की जा रही है। करीब 20 से 25 हजार लोगों के रुकने का इंतजाम किया जा रहा है। चारों दिन 24 घंटे भंडारा और नाश्ता उपलब्ध कराने की तैयारी है। वाहनों की पार्किंग के लिए आयोजन स्थल के आसपास 12 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं।

राजस्थान से पहुंचेंगे 500 पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थी

रामकथा में राजस्थान के जोधपुर स्थित शिविर से करीब 500 पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थियों के भी शामिल होने की संभावना है। उन्हें राजा भैया की ओर से आमंत्रित किया गया है। उनके ठहरने और भोजन के लिए अलग टेंट की व्यवस्था की गई है।

इन शरणार्थियों को कथा में शामिल कराने के साथ प्रयागराज संगम, अयोध्या और काशी विश्वनाथ के दर्शन कराने की भी योजना है। इसके लिए 10 बसों का इंतजाम किया गया है।

कई संतों और राजनीतिक हस्तियों के आने की उम्मीद

बेंती में होने वाली रामकथा में कई चर्चित संतों और राजनीतिक हस्तियों के पहुंचने की संभावना है। विशिष्ट मेहमानों के ठहरने के लिए स्विस कॉटेज तैयार किए जा रहे हैं। वीआईपी मेहमानों के आगमन को देखते हुए हेलीपैड और सुरक्षा इंतजामों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

17 नवंबर से शुरू होने वाली कथा का समापन 20 नवंबर को होगा। इसी दिन दिव्य दरबार भी आयोजित किया जाएगा। आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद के बीच पुलिस और प्रशासन की तैयारियां पूरी करने पर नजर है।

Check Also

पिता ने बच्चों की पढ़ाई के लिए बेच दी जमीन, 20 साल की उम्र में चित्रा बनीं DSP, BPSC में पाई 556वीं रैंक

बक्सर: बिहार के बक्सर जिले की रहने वाली चित्रा कुमारी ने महज 20 साल की …