Wednesday , 18 November 2026

महाराष्ट्र में नया नियम लागू: सोसायटी हो या मॉल, 12 साल तक के बच्चे अकेले नहीं कर सकेंगे लिफ्ट का इस्तेमाल

मुंबई: लिफ्ट में खराबी आने और लोगों के बीच में फंसने की घटनाओं को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने सुरक्षा के लिए नए नियम लागू किए हैं। अब राज्य में किसी भी हाउसिंग सोसायटी, मॉल या व्यावसायिक संस्थान में 12 साल या उससे कम उम्र के बच्चों को अकेले लिफ्ट इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं होगी। बच्चों को लिफ्ट, एस्केलेटर और चलते रास्ते यानी मूविंग वॉकवे का इस्तेमाल करने के लिए किसी परिजन या बड़े व्यक्ति के साथ होना जरूरी होगा।

सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, ये नियम तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। इसके साथ ही बिल्डिंग मालिकों, बिल्डरों और लिफ्ट संचालकों के लिए भी सुरक्षा से जुड़े कई निर्देश जारी किए गए हैं।

लिफ्ट का हर साल होगा सुरक्षा ऑडिट

महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में संचालित सभी लिफ्ट का सालाना सुरक्षा ऑडिट अनिवार्य किया है। इसके अलावा हर महीने लिफ्ट की सर्विसिंग और रखरखाव कराना होगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि लिफ्ट में किसी तरह की दुर्घटना होने पर इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को देनी होगी।

ये नियम सभी हाउसिंग सोसायटियों, भवन मालिकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर लागू होंगे। इसका उद्देश्य लिफ्ट के संचालन में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना है।

हर लिफ्ट में सीसीटीवी कैमरा लगाना अनिवार्य

नई व्यवस्था के तहत राज्य की सभी लिफ्ट में सीसीटीवी कैमरे लगाना जरूरी कर दिया गया है। नई लिफ्ट को चालू करने से पहले ही कैमरे लगाने होंगे। वहीं, पहले से चल रही लिफ्ट में कैमरे लगाने के लिए सरकार ने 28 अक्टूबर तक की समयसीमा तय की थी।

इसके साथ ही सभी लिफ्ट में ऑपरेटर रखने का भी प्रावधान किया गया है। सरकार अपने स्तर पर भी लिफ्ट की जांच कराएगी, ताकि सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके।

नियम तोड़ने पर हो सकती है कड़ी कार्रवाई

सरकार ने चेतावनी दी है कि जांच के दौरान किसी भी सोसायटी, बिल्डिंग मालिक या संबंधित संचालक की ओर से नियमों का उल्लंघन पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। नए प्रावधानों के तहत लिफ्ट की नियमित जांच, रखरखाव और निगरानी की जिम्मेदारी संबंधित संचालकों की होगी।

Check Also

पिता ने बच्चों की पढ़ाई के लिए बेच दी जमीन, 20 साल की उम्र में चित्रा बनीं DSP, BPSC में पाई 556वीं रैंक

बक्सर: बिहार के बक्सर जिले की रहने वाली चित्रा कुमारी ने महज 20 साल की …