
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के किसानों के फल और सब्जियां अब अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी पहचान बना रहे हैं। प्रदेश के आलू, अंगूर, अनार, संतरा, तरबूज, मटर, आम और अमरूद जैसे उत्पादों की विदेशों में मांग बढ़ी है। बागवानी उत्पादों के निर्यात मूल्य के आधार पर शीर्ष 20 उत्पादों की सूची में शामिल पहले 15 उत्पादों का कुल निर्यात 489.01 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है। इन उत्पादों के खरीदार नेपाल से लेकर अमेरिका, जर्मनी, जापान, इजराइल और ब्रिटेन तक फैले हैं।
योगी सरकार का जोर कृषि उत्पादों के उत्पादन के साथ-साथ उनकी गुणवत्ता, प्रसंस्करण, भंडारण और निर्यात सुविधाओं को मजबूत करने पर है। सरकार का मानना है कि इससे किसानों को अपने उत्पादों के लिए बड़े बाजार मिलेंगे और उनकी आय बढ़ाने के अवसर भी तैयार होंगे।
आलू के निर्यात से सबसे ज्यादा कमाई
अपर मुख्य सचिव, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण बाबू लाल मीणा के मुताबिक, प्रदेश के बागवानी निर्यात में आलू की अहम हिस्सेदारी है। ताजे और शीतित आलू का निर्यात 146.03 करोड़ रुपये रहा, जबकि आलू से तैयार फ्लेक्स, ग्रेन्यूल्स और पेलेट्स का निर्यात 103.24 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
इस तरह इन दोनों श्रेणियों को मिलाकर आलू उत्पादों का निर्यात मूल्य 249.27 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। ताजे और शीतित आलू के 146.03 करोड़ रुपये के निर्यात में अकेले नेपाल को 145.12 करोड़ रुपये के उत्पाद भेजे गए। इससे नेपाल उत्तर प्रदेश के आलू का सबसे बड़ा विदेशी खरीदार बनकर उभरा है।
जापान, मलेशिया और इजराइल तक पहुंच रहे प्रसंस्कृत उत्पाद
प्रदेश में तैयार आलू के प्रसंस्कृत उत्पादों की मांग भी कई देशों में बढ़ी है। आलू के फ्लेक्स, ग्रेन्यूल्स और पेलेट्स का निर्यात जापान, मलेशिया, इजराइल और इंडोनेशिया को किया गया।
इस श्रेणी में जापान को 44.06 करोड़ रुपये, मलेशिया को 17.43 करोड़ रुपये, इजराइल को 11.89 करोड़ रुपये और इंडोनेशिया को 11.44 करोड़ रुपये के उत्पाद भेजे गए। वहीं, सूखे आलू का कुल निर्यात 26.89 करोड़ रुपये रहा, जिसमें नेपाल की प्रमुख हिस्सेदारी रही। इसके अलावा अमेरिका और जर्मनी को भी सूखे आलू की आपूर्ति की गई।
जर्मनी और अमेरिका में भी बढ़ी सब्जियों की मांग
उत्तर प्रदेश की सूखी और निर्जलित सब्जियों को भी विदेशी बाजारों में खरीदार मिल रहे हैं। इनका कुल निर्यात 23.51 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। इसमें जर्मनी को 19.70 करोड़ रुपये, अमेरिका को 3.05 करोड़ रुपये और नेपाल को 0.76 करोड़ रुपये के उत्पाद भेजे गए।
वहीं, अन्य सब्जियों और सब्जियों के मिश्रण का निर्यात 18.03 करोड़ रुपये रहा। इन उत्पादों की मांग अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन और संयुक्त अरब अमीरात में भी बनी हुई है।
हरी मटर और फ्रोजन मटर ने भी बनाई जगह
प्रदेश की मटर भी विदेशी बाजारों तक पहुंच रही है। फ्रोजन मटर का निर्यात 12.16 करोड़ रुपये और हरी मटर का निर्यात 11.99 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। फ्रोजन मटर की मांग सऊदी अरब, नेपाल, कनाडा और संयुक्त अरब अमीरात में है। वहीं, हरी मटर अमेरिका और जर्मनी समेत अन्य देशों को भेजी जा रही है।
इसके अलावा तैयार और संरक्षित आलू (नॉन-फ्रोजन) का निर्यात 14.51 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इसके प्रमुख खरीदार अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात और ब्रिटेन हैं।
आम, अंगूर और अनार के भी विदेशी खरीदार
उत्तर प्रदेश के फलों का निर्यात भी लगातार अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी जगह बना रहा है। ताजे अंगूर का निर्यात 34.89 करोड़ रुपये रहा और इसकी पूरी खेप नेपाल भेजी गई। ताजे अनार का निर्यात 24.78 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जिसमें नेपाल को 24.75 करोड़ रुपये के उत्पाद भेजे गए।
संतरे के ताजे और सूखे उत्पादों का निर्यात 21.19 करोड़ रुपये तथा नींबू और लाइम का निर्यात 15.71 करोड़ रुपये रहा। इन दोनों श्रेणियों के लिए भी नेपाल प्रमुख बाजार रहा।
ताजे तरबूज का निर्यात 20.37 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। इसमें नेपाल को 20.35 करोड़ रुपये के उत्पाद भेजे गए, जबकि इटली को भी तरबूज की आपूर्ति हुई। आम की अन्य ताजा किस्मों का निर्यात 10.53 करोड़ रुपये रहा। इसके प्रमुख विदेशी बाजारों में नेपाल के साथ ब्रिटेन, संयुक्त अरब अमीरात और कतर शामिल हैं। वहीं, ताजे और सूखे अमरूद का निर्यात 5.18 करोड़ रुपये दर्ज किया गया और इसका सबसे बड़ा खरीदार नेपाल रहा।
Navyug Samachar