यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी कर इस खबर को बेहद दुखद बताया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। अखिलेश यादव ने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं भी जाहिर कीं।अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर दी श्रद्धांजलि
अखिलेश यादव ने अपने संदेश में लिखा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की पूज्य माता जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिवार के सदस्यों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति मिलने की कामना की।
91 वर्ष की उम्र में पंचूर गांव में ली अंतिम सांस
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। बताया गया है कि वह पिछले कुछ दिनों से बीमार थीं। मुख्यमंत्री के भाई ने उनके निधन की पुष्टि की है।
सावित्री देवी शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अपने आवास पर दुनिया को अलविदा कह गईं। वह अपने छोटे बेटे के साथ पंचूर में रह रही थीं। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। उनका पार्थिव शरीर शनिवार को हरिद्वार लाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए हरिद्वार पहुंचने की संभावना है।
पहले भी बिगड़ी थी सावित्री देवी की तबीयत
सावित्री देवी उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। इससे पहले 14 मई 2024 को तबीयत खराब होने पर उन्हें ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था। उन्हें अस्पताल के जिरियाट्रिक वार्ड में रखा गया था। मां के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनका हालचाल जानने एम्स पहुंचे थे।
योगी आदित्यनाथ मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल के पंचूर गांव के रहने वाले हैं। उनका परिवार आज भी इसी गांव में रहता है। उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट का वर्ष 2020 में 89 साल की उम्र में निधन हो गया था।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी जताया शोक
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका दुनिया से जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।
धामी ने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोक संतप्त परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
Navyug Samachar