Friday , 20 November 2026

झांसी में भीषण सड़क हादसा: पिकअप और शताब्दी बस की टक्कर में दो युवकों की मौत

झांसी: झांसी-कानपुर हाईवे पर चिरगांव के औपारा गांव के पास शुक्रवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। सब्जियों से भरी एक पिकअप पहले सड़क पर जा रहे हार्वेस्टर में पीछे से जा घुसी। इसी दौरान पीछे से आ रही निजी शताब्दी बस भी पिकअप से टकरा गई। हादसे में पिकअप सवार दो युवकों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना शुक्रवार तड़के की है। बताया गया कि हार्वेस्टर औपारा गांव के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान मोंठ की ओर से झांसी आ रही सब्जियों से लदी पिकअप उससे पीछे से टकरा गई। अचानक हुई इस भिड़ंत के बाद पीछे से आ रही निजी शताब्दी बस का चालक भी वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस पिकअप से जा भिड़ी। दोनों वाहनों के बीच फंसकर पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार दोनों युवकों को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की जानकारी मिलते ही मोंठ के सीओ और चिरगांव थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।

एक मृतक की हुई पहचान

हादसे में जान गंवाने वाले दो युवकों में से एक की पहचान जितेंद्र के रूप में हुई है। वह रामनाथ कुशवाहा का पुत्र था और उसकी उम्र करीब 25 वर्ष बताई गई है। जितेंद्र कानपुर जिले के मंगलपुर थाना क्षेत्र के बद्दा पूर्वा, गहिला पुर गांव का निवासी था। बताया जा रहा है कि वह अपने गांव से पिकअप लेकर रतलाम में अमरूद भरने के लिए जा रहा था। दूसरे मृतक की पहचान से जुड़ी जानकारी सामने नहीं आई है।

चलती ट्रेन से गिरकर यात्री की मौत

झांसी रेलवे स्टेशन पर एक अन्य हादसे में चलती ट्रेन से गिरकर यात्री की मौत हो गई। महोबा जिले के चरखारी थाना क्षेत्र के चिंतपुरा गांव निवासी हरीश्चंद्र ट्रेन में सफर कर रहे थे। इसी दौरान झांसी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक और आठ के बीच वह चलती ट्रेन से नीचे गिरकर घायल हो गए।

घायल यात्री को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई। इसके बाद रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Check Also

अब किसी का चेहरा और आवाज चुराना नहीं होगा आसान! चिरंजीवी ने अमित शाह से की सख्त डीपफेक कानून बनाने की मांग

नई दिल्ली: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डीपफेक तकनीक के बढ़ते दुरुपयोग पर अभिनेता चिरंजीवी ने …