Friday , 20 November 2026

अब किसी का चेहरा और आवाज चुराना नहीं होगा आसान! चिरंजीवी ने अमित शाह से की सख्त डीपफेक कानून बनाने की मांग

नई दिल्ली: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डीपफेक तकनीक के बढ़ते दुरुपयोग पर अभिनेता चिरंजीवी ने गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर लोगों के चेहरे, आवाज और पहचान के अनधिकृत इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए सख्त कानून बनाने की मांग की है। चिरंजीवी का कहना है कि एआई के जरिए किसी की हूबहू नकल तैयार करना अब आसान हो गया है। इसका असर कलाकारों की प्रतिष्ठा और कमाई के साथ आम लोगों की निजता और सामाजिक भरोसे पर भी पड़ रहा है।

चिरंजीवी ने पत्र में 2 नवंबर को अमित शाह के साथ हुई मुलाकात का जिक्र करते हुए बताया कि उस दौरान भी उन्होंने डीपफेक और एआई के खतरों का मुद्दा उठाया था। अब उन्होंने सरकार से इस दिशा में जल्द ठोस और प्रभावी कदम उठाने की अपील की है।

बिना अनुमति चेहरे और आवाज के इस्तेमाल पर रोक की मांग

अभिनेता ने कहा कि एआई ने मनोरंजन और रचनात्मक क्षेत्र में नए अवसर खोले हैं, लेकिन इसके दुरुपयोग के मामले भी तेजी से सामने आ रहे हैं। डीपफेक वीडियो, फर्जी तस्वीरों और आवाज की नकल के जरिए किसी भी व्यक्ति को निशाना बनाया जा सकता है।

उनके मुताबिक, तकनीक की मदद से ऐसे वीडियो तैयार किए जा सकते हैं, जो देखने में बिल्कुल असली लगते हैं। इससे संबंधित व्यक्ति की छवि को नुकसान पहुंच सकता है और उसे मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

चिरंजीवी ने कहा कि कलाकार अपनी पहचान और प्रतिष्ठा बनाने में वर्षों की मेहनत लगाते हैं। ऐसे में उनके चेहरे और आवाज का बिना अनुमति इस्तेमाल न केवल उनकी साख को प्रभावित करता है, बल्कि उनकी कमाई पर भी असर डाल सकता है। इस तरह की सामग्री से समाज में डिजिटल माध्यमों पर लोगों का भरोसा भी कमजोर होता है।

डीपफेक बनाने और प्रसारित करने वालों पर हो कार्रवाई

चिरंजीवी ने मांग की है कि किसी भी व्यक्ति के चेहरे, आवाज या पहचान का इस्तेमाल उसकी स्पष्ट सहमति के बिना नहीं किया जाना चाहिए। खासकर व्यावसायिक फायदा उठाने या किसी की छवि खराब करने के इरादे से ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़े कानूनी प्रावधान होने चाहिए।

उन्होंने डीपफेक सामग्री तैयार करने, उसे सोशल मीडिया पर फैलाने और किसी व्यक्ति को बदनाम करने के लिए इस्तेमाल करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जरूरत बताई। इसके साथ ही ऐसे आपत्तिजनक कंटेंट को इंटरनेट से जल्द हटाने और शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए अलग व्यवस्था बनाने का सुझाव भी दिया।

एआई टूल बनाने वाली कंपनियों की भी तय हो जिम्मेदारी

अभिनेता ने फिल्म और टेलीविजन उद्योग से जुड़े कलाकारों, तकनीशियनों और निर्माताओं के रचनात्मक काम को भी एआई के गलत इस्तेमाल से सुरक्षित रखने पर जोर दिया। उनका कहना है कि किसी के रचनात्मक कार्य की नकल कर बिना अनुमति उसका इस्तेमाल करने पर रोक लगनी चाहिए।

चिरंजीवी ने यह भी कहा कि जवाबदेही सिर्फ डीपफेक बनाने वालों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। ऐसे ऐप, वेबसाइट और डिजिटल टूल विकसित करने वाली कंपनियों की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए, जिनके जरिए लोगों की तस्वीरों और आवाज का दुरुपयोग किया जाता है। जरूरी सुरक्षा उपायों के बिना ऐसे उपकरण उपलब्ध कराने वाली कंपनियों पर जुर्माने का प्रावधान करने का सुझाव भी उन्होंने दिया।

ब्रिटेन के कानून का दिया हवाला

अपने पत्र में चिरंजीवी ने डीपफेक के खिलाफ दूसरे देशों में उठाए जा रहे कदमों का भी उल्लेख किया। उन्होंने ब्रिटेन के ‘क्राइम एंड पुलिसिंग एक्ट 2026’ का उदाहरण देते हुए कहा कि इसमें डीपफेक तैयार करने वाले उपकरणों के निर्माण और वितरण को अपराध के दायरे में रखा गया है।

उन्होंने सुझाव दिया कि भारत में भी इस तरह के कानून पर विचार करते समय फिल्म उद्योग, टेलीविजन संगठनों, कलाकारों और कानूनी विशेषज्ञों से चर्चा की जानी चाहिए। इससे ऐसा कानूनी ढांचा तैयार करने में मदद मिलेगी, जो एआई के दुरुपयोग पर रोक लगाने के साथ लोगों की डिजिटल पहचान और निजता की सुरक्षा भी सुनिश्चित करे।

Check Also

हाजीपुर में कल PM मोदी का शक्ति प्रदर्शन, 3 लाख करोड़ की 2,500 से अधिक योजनाओं की देंगे सौगात; नीतीश सेतु का भी करेंगे उद्घाटन

बिहार डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल बिहार के हाजीपुर दौरे पर रहेंगे। उनके आगमन को …