मनोरंजन डेस्क: साउथ सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु की जिंदगी में खुशियों ने दस्तक दी है। अभिनेत्री और फिल्ममेकर राज निदिमोरू माता-पिता बन गए हैं। दोनों ने 19 नवंबर 2026 को अपने पहले बच्चे का स्वागत किया। सामंथा ने बेटे को जन्म दिया है। इस खुशखबरी को कपल ने सोशल मीडिया पर एक बेहद खास तस्वीर के साथ साझा किया। तस्वीर में दोनों अपने नवजात बेटे के नन्हे हाथों को थामे नजर आ रहे हैं। खबर सामने आने के बाद से ही प्रशंसक और फिल्मी सितारे उन्हें बधाइयां दे रहे हैं।बेटे का नाम रखा देव निदिमोरू, साझा की पहली झलक
सामंथा और राज ने बेटे के जन्म के साथ उसका नाम भी दुनिया के सामने रख दिया है। कपल ने अपने बेटे का नाम देव निदिमोरू रखा है। सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीर में बच्चे का चेहरा नहीं दिखाया गया है, बल्कि उसके छोटे-छोटे हाथों की झलक दिखाई गई है। दोनों प्यार से अपने बेटे का हाथ थामे नजर आ रहे हैं।
तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, ‘हमारा खूबसूरत बेटा देव निदिमोरू, 19.11.2026। हमारे दिल इससे ज्यादा कभी खुश नहीं हुए।’ इस भावुक संदेश के जरिए दोनों ने अपनी खुशी जाहिर की। पोस्ट सामने आते ही प्रशंसकों ने कमेंट के जरिए परिवार को शुभकामनाएं देना शुरू कर दिया। बताया गया है कि बच्चे के जन्म से कुछ दिन पहले कपल ने विशेष पूजा का आयोजन भी किया था।
1 दिसंबर 2025 को हुई थी सामंथा और राज की शादी
सामंथा और राज निदिमोरू ने 1 दिसंबर 2025 को शादी की थी। दोनों ने कोयंबटूर स्थित ईशा फाउंडेशन में बेहद निजी समारोह के दौरान एक-दूसरे को जीवनसाथी चुना था। इस मौके पर परिवार के सदस्य और करीबी लोग ही शामिल हुए थे।
यह दोनों की दूसरी शादी है। राज निदिमोरू की इससे पहले श्यामली डे से शादी हुई थी, जबकि सामंथा की पहली शादी अभिनेता नागा चैतन्य से हुई थी। सामंथा और नागा चैतन्य अक्टूबर 2017 में विवाह बंधन में बंधे थे। करीब चार साल साथ रहने के बाद दोनों ने वर्ष 2021 में अलग होने का फैसला किया था।
‘द फैमिली मैन 2’ के सेट पर हुई थी पहली मुलाकात
सामंथा और राज की पहली मुलाकात वेब सीरीज ‘द फैमिली मैन 2’ के दौरान हुई थी। इस सीरीज में सामंथा ने राजी नाम की विद्रोही नेता का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों और समीक्षकों से काफी सराहना मिली थी। इसके बाद दोनों ने ‘सिटाडेल: हनी बनी’ में भी साथ काम किया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शादी से पहले दोनों करीब दो साल तक एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। हालांकि, उन्होंने अपने रिश्ते को निजी रखा और सार्वजनिक रूप से इस बारे में ज्यादा बातचीत नहीं की। अब बेटे देव के जन्म के साथ सामंथा और राज की जिंदगी में एक नया अध्याय शुरू हो गया है।
Navyug Samachar