Tuesday , 24 November 2026

Kannauj School Bus Accident: एक्सप्रेसवे पर मौत का तांडव, ट्रक की टक्कर से 4 छात्रों की मौत; 20 से ज्यादा घायल

कन्नौज: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। स्कूली बच्चों से भरी बस को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा बच्चे और स्कूल स्टाफ घायल हो गए।

घायलों में स्कूल के प्रधानाचार्य और एक छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

आगरा टूर से लौट रही थी स्कूल बस

जानकारी के मुताबिक, हादसा मंगलवार सुबह करीब 6 बजे कन्नौज जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुआ। बस कौशांबी जिले के सिराथू स्थित ओरिएंट पब्लिक स्कूल की थी।

स्कूल के छात्र और स्टाफ आगरा घूमने के लिए गए थे। टूर खत्म होने के बाद सभी बस से वापस कौशांबी लौट रहे थे। रास्ते में बच्चों को टॉयलेट कराने के लिए बस को एक्सप्रेसवे किनारे रोका गया था।

इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में 4 बच्चों की मौत

ट्रक की टक्कर के बाद बस में सवार चार बच्चों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, करीब 20 से 24 बच्चे और स्कूल स्टाफ घायल हो गए।

घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल प्रधानाचार्य और एक छात्र को तिर्वा मेडिकल कॉलेज से दूसरे अस्पताल के लिए रेफर किया गया है।

प्रशासन ने संभाला मोर्चा

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंच गई। राहत और बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

कन्नौज के जिलाधिकारी आशुतोष मोहन और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार भी तिर्वा मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों के इलाज की जानकारी ली।

पुलिस के मुताबिक, बस आगरा से लखनऊ की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने उसमें टक्कर मार दी। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

 

Check Also

‘कांग्रेस ने आपकी औकात नाप दी है…’ ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर हमला, 45 विधायकों को लेकर किया बड़ा दावा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बयानबाजी तेज हो गई …