
पटना: बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी से पहले होने वाली घुड़दौड़ को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस मुकाबले में जीतने वाले घुड़सवार को इनाम में थार गाड़ी दी जाएगी। तीन दिनों तक लगातार हुई बारिश के कारण घुड़दौड़ का मैदान पानी और कीचड़ से भर गया था, लेकिन आयोजन की टीम ने रातोंरात ट्रैक को दुरुस्त करा दिया है। घुड़सवारों ने भी मैदान में पहुंचकर अभ्यास शुरू कर दिया है। अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि आखिर थार की चाबी किस घुड़सवार के हाथ लगेगी।
बारिश ने बिगाड़ा खेल, रातोंरात तैयार हुआ रेस ट्रैक
लगातार तीन दिनों तक हुई बारिश ने घुड़दौड़ के आयोजन पर संकट खड़ा कर दिया था। मैदान में पानी भरने के साथ चारों ओर कीचड़ जमा हो गया था। ऐसे में तय समय पर मुकाबला कराना मुश्किल नजर आ रहा था। हालांकि, शादी की तैयारियों में जुटी टीम ने मैदान को तैयार करने के लिए पूरी ताकत लगा दी।
हालात का जायजा लेने अनंत सिंह खुद समर्थकों के साथ मैदान पहुंचे। इसके बाद जेसीबी और ट्रैक्टर की मदद से जमीन को समतल करने और ट्रैक दुरुस्त करने का काम शुरू कराया गया। अब मैदान काफी हद तक तैयार है और घुड़सवार वहां अभ्यास कर रहे हैं।
थार जीतने के लिए घुड़सवारों में जबरदस्त उत्साह
इस घुड़दौड़ का सबसे बड़ा आकर्षण विजेता को मिलने वाली थार गाड़ी है। मुकाबले में हिस्सा लेने पहुंचे घुड़सवार अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं। शादी के आयोजन में शामिल होने वाले मेहमानों और स्थानीय लोगों की निगाहें भी इस रेस पर टिकी हैं।
आयोजन के दौरान मैदान में घोड़ों की रफ्तार और घुड़सवारों के हुनर का मुकाबला देखने को मिलेगा। सबसे बड़ा सवाल यही है कि रेस जीतकर थार की चाबी कौन अपने नाम करेगा।
जजों के पैनल में खुद शामिल रहेंगे अनंत सिंह
घुड़दौड़ के जजों के पैनल में अनंत सिंह के भी मौजूद रहने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में उनके रेफरी या निर्णायक की भूमिका निभाने को लेकर भी चर्चा है। हालांकि, उनकी भूमिका को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
हेलीपैड की तैयारियों पर भी बारिश का असर
शादी में दूसरे राज्यों से आने वाले मेहमानों के लिए कई हेलीपैड तैयार किए जा रहे हैं। बारिश के कारण इन जगहों पर भी कीचड़ जमा हो गया था, जिससे तैयारियों में परेशानी आई। इसके बावजूद आयोजन से जुड़े लोग हेलीपैड और अन्य व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने में जुटे हैं।
उधर, शादी का मंडप और मंच सजकर तैयार हैं। 25 नवंबर को शिवांगी की शादी ऋषिकेश के साथ होनी है। अब आयोजन से पहले घुड़दौड़ को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। सबकी निगाहें मैदान पर होने वाले मुकाबले और थार जीतने वाले घुड़सवार पर रहेंगी।
Navyug Samachar