Wednesday , 25 November 2026

सरकार बनी तो सबको मिलेगा सम्मान, अखिलेश का कांग्रेस को बड़ा संदेश; सीटों के बंटवारे पर बढ़ी सियासी हलचल

यूपी डेस्क: समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सीट बंटवारे का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। कांग्रेस की ओर से ज्यादा सीटों की मांग और सपा की ओर से 26 सीटों के प्रस्ताव के बाद दोनों दलों के बीच खींचतान नजर आ रही है। इसी बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गठबंधन को लेकर बड़ा संदेश देते हुए कहा है कि सरकार बनने के बाद सभी को सम्मान और उचित स्थान मिलेगा।

सीट शेयरिंग को लेकर कांग्रेस-सपा में बढ़ी तकरार

उत्तर प्रदेश चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों के तालमेल का मुद्दा सबसे ज्यादा सुर्खियों में है। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस ने सपा के सामने 120 सीटों की सूची रखी थी और पार्टी इससे कम सीटों पर सहमत नहीं होने की बात कह रही है। हालांकि, कांग्रेस की ओर से इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

इससे पहले समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को शुरुआती तौर पर 26 सीटों का प्रस्ताव दिया था। इसके बाद मंगलवार शाम सपा ने अचानक पांच सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी, जिसके बाद कांग्रेस नेताओं ने नाराजगी जताई।

दिल्ली बैठक में कांग्रेस ने रखी 120 सीटों की मांग

सूत्रों के अनुसार नई दिल्ली में हुई बैठक के दौरान कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को 120 सीटों की सूची सौंपी थी। कांग्रेस का कहना था कि वह इतनी सीटों से कम पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार नहीं है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भी सवाल उठाते हुए कहा कि अगर फैसले इस तरह लिए जा रहे हैं तो गठबंधन का मतलब क्या रह जाता है।

हालांकि, अब तक कांग्रेस की ओर से मांगी गई 120 सीटों की पूरी सूची सार्वजनिक नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि इस सूची में रायबरेली और अमेठी क्षेत्र की कई सीटें शामिल हैं। इन दोनों क्षेत्रों को गांधी परिवार का मजबूत राजनीतिक आधार माना जाता है।

इन सीटों पर फंसा है गठबंधन का पेंच

सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस ने सहारनपुर की भी दो सीटों की मांग की है, जबकि समाजवादी पार्टी इन सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार चुकी है। यही वजह है कि सीटों के तालमेल को लेकर दोनों दलों के बीच बातचीत का दौर जारी है।

अखिलेश यादव ने इस विवाद के बीच कहा है कि 26 सीटों से शुरुआत हुई है और आगे भी आपसी सहमति से बातचीत बढ़ेगी। उन्होंने संकेत दिए हैं कि चर्चा के बाद कांग्रेस को कुछ और सीटें दी जा सकती हैं।

सपा ने पांच सीटों पर घोषित किए उम्मीदवार

समाजवादी पार्टी ने सहारनपुर जिले की बेहट विधानसभा सीट से उमर अली खान और सहारनपुर विधानसभा सीट से आशु मलिक को उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा शामली जिले की कैराना सीट से नाहिद हसन, अमरोहा सीट से महबूब अली और ललितपुर विधानसभा सीट से ज्योति लोधी को टिकट दिया गया है।

सपा के इस कदम को राजनीतिक जानकार दबाव बनाने की रणनीति के तौर पर भी देख रहे हैं।

अखिलेश बोले- बात सीट की नहीं, जीत की है

अखिलेश यादव ने कांग्रेस से सभी संभावित सीटों की सूची भेजने को कहा है। उन्होंने कहा कि गठबंधन में ऐसी सीटों पर चर्चा होनी चाहिए जहां जीत की संभावना ज्यादा हो। उनके मुताबिक जीतने वाली सीटें ही सम्मानजनक बंटवारे का आधार बन सकती हैं।

अखिलेश ने कहा कि उनकी कोशिश है कि सभी सीटों पर चर्चा कांग्रेस या सपा के उम्मीदवार के तौर पर नहीं, बल्कि INDIA गठबंधन के प्रत्याशी के तौर पर हो। उन्होंने यह भी कहा कि उम्मीदवारों को पीडीए प्रत्याशी के रूप में पेश करने की दिशा में काम किया जाना चाहिए।

सरकार बनाने के लिए कुछ लोगों को करना होगा एडजस्ट

अखिलेश यादव ने कहा कि गठबंधन का सबसे बड़ा लक्ष्य सरकार बनाना है और इसके लिए कुछ लोगों को परिस्थितियों के अनुसार बदलाव स्वीकार करने होंगे। उन्होंने कहा कि अगर किसी को मनचाही सीट नहीं मिलती है तो उसे निराश नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि बड़े नेताओं की ओर से किए गए बदलाव के पीछे सरकार बनाने की सोच होगी और सरकार बनने के बाद सभी को सम्मान और उचित स्थान मिलेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि हर बड़ा नेता अपने लोगों का सम्मान बनाए रखेगा।

कांग्रेस को दी गई थीं ये 26 सीटें

इससे पहले समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के लिए 26 सीटों का प्रस्ताव रखा था। इनमें रामपुर खास, फरेंदा, मथुरा, खेरागढ़, जगदीशपुर, किदवई नगर, बागपत, मोदीनगर, हापुड़, जेवर, मांट, स्याना, खुर्जा, खैर, इगलास, आगरा उत्तर, फतेहपुर सीकरी, बिलग्राम-मल्लावां, गोविंद नगर, नानपारा, खजनी, गोरखपुर, पडरौना, फाजिलनगर और पिंडरा सीटें शामिल हैं।

कई सीटों पर कांग्रेस की स्थिति कमजोर

जिन सीटों का प्रस्ताव कांग्रेस को दिया गया है, उनमें कई जगह पार्टी की स्थिति कमजोर रही है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में बागपत, मोदीनगर, हापुड़, जेवर, स्याना, खुर्जा, खैर, मांट और फतेहपुर सीकरी जैसी सीटों पर कांग्रेस को काफी कम वोट मिले थे।

 

Check Also

चुनाव करीब, लेकिन BJP युवा मोर्चा की टीम अब तक अधूरी! पंकज चौधरी की लिस्ट पर क्यों टिकी निगाहें?

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी के …