Wednesday , 25 November 2026

नेटफ्लिक्स की पाकिस्तानी सीरीज पर विवाद, AICWA ने पीएम मोदी से भारत में स्ट्रीमिंग रोकने की मांग की

मनोरंजन डेस्क: नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने जा रही पाकिस्तानी वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ को लेकर भारत में विवाद शुरू हो गया है। सीरीज की भारतीय दर्शकों के लिए स्ट्रीमिंग की घोषणा के बाद ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने इसका विरोध किया है।

AICWA ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इस सीरीज की भारत में स्ट्रीमिंग पर रोक लगाने की मांग की है। संगठन ने इसे केवल एक वेब सीरीज का मामला नहीं बताते हुए भारत में पाकिस्तानी मनोरंजन सामग्री के प्रसारण से जुड़ा मुद्दा बताया है।

AICWA ने सरकार से की पाकिस्तानी कंटेंट पर रोक की मांग

प्रधानमंत्री को भेजे गए पत्र में AICWA ने भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण संबंधों का हवाला दिया है। संगठन का कहना है कि दोनों देशों के बीच तनाव के दौरान कई पाकिस्तानी कलाकारों की ओर से भारत के खिलाफ बयान दिए गए थे।

इसी आधार पर एसोसिएशन ने पाकिस्तानी कलाकारों और पाकिस्तान में तैयार होने वाली मनोरंजन सामग्री को भारतीय प्लेटफॉर्म पर जगह दिए जाने पर आपत्ति जताई है।

AICWA ने केंद्र सरकार से पाकिस्तानी फिल्मों, वेब सीरीज, गानों, पॉडकास्ट और अन्य डिजिटल सामग्री के भारत में प्रसारण पर रोक लगाने की मांग की है।

स्थायी कानून बनाने की भी मांग

AICWA ने मांग की है कि पाकिस्तानी मनोरंजन सामग्री को लेकर एक स्थायी और सख्त कानून बनाया जाए, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने पर कड़े प्रावधान हों।

संगठन ने नेटफ्लिक्स इंडिया समेत भारत में काम कर रहे सभी ओटीटी प्लेटफॉर्म्स से अपील की है कि वे किसी भी तरह की पाकिस्तानी सामग्री को भारतीय दर्शकों के लिए उपलब्ध न कराएं।

अपनी मांग के समर्थन में AICWA ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की 8 मई 2025 को जारी एडवाइजरी का भी जिक्र किया है। संगठन का कहना है कि इस दिशा-निर्देश को ध्यान में रखते हुए ओटीटी प्लेटफॉर्म्स को पाकिस्तानी सीरीज के प्रसारण से बचना चाहिए।

‘जो बचे हैं संग समेट लो’ पर है विवाद

विवादों में घिरी यह सीरीज 4 दिसंबर 2026 से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने वाली है। सीरीज की कहानी तीन पीढ़ियों के छह प्रेम संबंधों पर आधारित बताई जा रही है।

सीरीज के प्रचार में अलग-अलग पीढ़ियों की प्रेम कहानियों और रिश्तों के महत्व को प्रमुखता दी गई है।

फवाद खान और माहिरा खान निभा रहे हैं मुख्य भूमिका

इस पाकिस्तानी वेब सीरीज में फवाद खान और माहिरा खान मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इनके अलावा सनम सईद और अहद रजा मीर भी अहम किरदारों में दिखाई देंगे।

सीरीज में हमजा अली अब्बासी, अहमद अली अकबर, बिलाल अशरफ, माया अली, इकरा अजीज, हानिया आमिर, खुशाल खान, नादिया जमील, ओमैर राणा और समीना अहमद जैसे कलाकार भी शामिल हैं।

फिलहाल AICWA ने सरकार और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के सामने अपनी मांग रख दी है। अब नजर इस बात पर है कि केंद्र सरकार इस मामले में क्या फैसला लेती है और नेटफ्लिक्स तय तारीख पर भारत में इस सीरीज की स्ट्रीमिंग करता है या नहीं।

 

Check Also

प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो बनीं मिस यूनिवर्स 2026, भारत की काजिया लिज मेजो टॉप 12 से चूकीं

नई दिल्ली: प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो ने मिस यूनिवर्स 2026 का खिताब अपने नाम …