Friday , 27 November 2026

सीएम योगी का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, बोले- सैफई सिंडिकेट को नोट गिनना आता है, नियुक्तियों की रफ्तार नहीं

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी भर्तियों को लेकर समाजवादी पार्टी और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और वसूली का बोलबाला था, जबकि मौजूदा सरकार में युवाओं को बिना सिफारिश और लेन-देन के मेरिट के आधार पर नौकरी मिल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब तक 9.70 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। अगले सप्ताह करीब 50 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे।

योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित जुपिटर हॉल में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित 1,594 लेखा परीक्षकों और सहायक लेखाकारों को नियुक्ति पत्र वितरित करने के बाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इनमें 201 लेखा परीक्षक और 1,393 सहायक लेखाकार शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी सरकार जिस रफ्तार से नियुक्ति पत्र बांट रही है, उसे सैफई सिंडिकेट गिन भी नहीं पाएगा। उन्होंने कहा कि उसे नोट गिनने के अलावा कुछ और गिनना आता ही नहीं है। योगी के मुताबिक, प्रदेश में मौजूदा सरकार के दौरान हुई भर्तियों की संख्या सपा के चार और बसपा के तीन कार्यकाल में हुई कुल भर्तियों से दोगुने से भी अधिक है।

अगले सप्ताह 50 हजार युवाओं को मिलेंगे नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री ने बताया कि अगले सप्ताह आठ हजार लेखपाल, 42 हजार होमगार्ड और शिक्षा आयोग से चयनित दो हजार अभ्यर्थियों समेत लगभग 50 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को पारदर्शी तरीके से रोजगार उपलब्ध कराना है।

सपा सरकार में विज्ञापन निकलते ही शुरू हो जाती थी वसूली: योगी

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले की भर्ती व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उस समय नौकरी का विज्ञापन जारी होते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी। परीक्षा कोई देता था और नियुक्ति पत्र कोई दूसरा लेकर पहुंच जाता था। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2015-16 में हाईस्कूल, इंटर और स्नातक में थर्ड डिवीजन हासिल करने वाले अभ्यर्थी को लोक सेवा आयोग की परीक्षा में एसडीएम का टॉपर बना दिया गया था।

योगी ने कहा कि अब बिना सिफारिश और लेन-देन के योग्यता के आधार पर नियुक्तियां हो रही हैं। लखीमपुर खीरी के चंदन चौकी के थारू जनजाति के युवा से लेकर रायबरेली, जौनपुर, शाहजहांपुर, गोरखपुर और लखनऊ के सामान्य परिवारों के अभ्यर्थियों को इसका लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मेरिट का अपमान महापाप है और नियुक्ति पत्र युवाओं की मेहनत का सम्मान है।

गोमती रिवरफ्रंट और जेपीएनआईसी को लेकर सपा पर निशाना

नवनियुक्त लेखा परीक्षकों और सहायक लेखाकारों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने वित्तीय पारदर्शिता और ईमानदारी से काम करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि किसी वरिष्ठ अधिकारी या सरकार के दबाव में आकर गलत फाइल पर हस्ताक्षर नहीं करने चाहिए।

योगी ने सपा सरकार पर गोमती रिवरफ्रंट और जेपीएनआईसी परियोजनाओं में अनियमितताओं का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गोमती रिवरफ्रंट के लिए 167 करोड़ रुपये का बजट था, लेकिन इस पर 1,400 करोड़ रुपये खर्च कर दिए गए और इसके बावजूद परियोजना अधूरी रह गई। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि मौखिक आदेशों के चलते निचले स्तर के कर्मचारी जेल गए, जबकि जनता का पैसा लूटकर विदेशों में संपत्ति बनाने वाले लोग ऐश कर रहे हैं।

उन्होंने जेपीएनआईसी का जिक्र करते हुए कहा कि 200 करोड़ रुपये की डीपीआर वाली परियोजना पर 800 करोड़ रुपये खर्च होने के बाद भी काम पूरा नहीं हुआ।

पुरानी पेंशन के मुद्दे पर भी सपा को घेरा

मुख्यमंत्री ने पुरानी पेंशन को लेकर सपा के दावों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 में सपा सरकार ने ही नई पेंशन योजना लागू की थी, लेकिन 2017 तक कर्मचारियों के खाते नहीं खोले गए और न ही सरकारी अंशदान जमा किया गया।

योगी के मुताबिक, मौजूदा सरकार ने कमेटी गठित कर कर्मचारियों के खाते खुलवाए। साथ ही सरकारी अंशदान को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 14 प्रतिशत किया गया और बजट से 10 हजार करोड़ रुपये देकर 14 लाख कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित किया गया।

यूपी की अर्थव्यवस्था तीन गुना होने का दावा

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की आर्थिक प्रगति का जिक्र करते हुए कहा कि पहले के मुख्यमंत्री अंधविश्वास के कारण नोएडा जाने से बचते थे, जबकि उनकी सरकार ने वहां चार लाख घर खरीदारों को उनके फ्लैट दिलाए। उन्होंने दावा किया कि साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था 12.50 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये हो गई है। प्रति व्यक्ति आय तीन गुना हुई है और प्रदेश का वार्षिक बजट तीन लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 9.70 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पहले देश की सबसे कमजोर पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल था, लेकिन अब शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में पहुंच गया है। अगले चार वर्षों में प्रदेश को देश की नंबर एक अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

कट्टा-बम की जगह बन रही एके-203 राइफल और ब्रह्मोस मिसाइल

योगी ने कहा कि देश के कुल मोबाइल फोन उत्पादन का 55 प्रतिशत उत्तर प्रदेश में हो रहा है। एकेटीयू समेत तकनीकी संस्थानों में एआई, ड्रोन, रोबोटिक्स, 3डी प्रिंटिंग और अंतरिक्ष तकनीक से जुड़े पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं।

उन्होंने लखनऊ स्थित एचसीएल कैंपस का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां कर्मचारियों की संख्या 100 से बढ़कर 18 हजार हो गई है, जिनमें 60 प्रतिशत महिलाएं हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बेटियां रात दो बजे भी निडर होकर घर लौट रही हैं।

उन्होंने प्रदेश में औद्योगिक और रक्षा उत्पादन का जिक्र करते हुए कहा कि पहले यहां कट्टा और बम बनते थे, जबकि अब दुनिया की बेहतरीन कलाश्निकोव एके-203 राइफल और लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। अपराधियों को चेतावनी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वित्तीय अनुशासन सरकार की प्राथमिकता: सुरेश खन्ना

कार्यक्रम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता वित्तीय अनुशासन है। उन्होंने नवनियुक्त लेखा परीक्षकों और सहायक लेखाकारों से ईमानदारी और निष्ठा के साथ काम करने तथा बजट का सही इस्तेमाल सुनिश्चित करने की अपील की।

खन्ना ने कहा कि कर्मचारियों को ई-कोष और ऑनलाइन ऑडिट की कार्यप्रणाली में दक्षता हासिल करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि नवनियुक्त कर्मचारियों की तैनाती मेरिट और अभ्यर्थियों की ओर से दिए गए विकल्पों के आधार पर पारदर्शी तरीके से की जाएगी। मंत्री के मुताबिक, अब तक नौ लाख से अधिक सरकारी नियुक्तियां हो चुकी हैं और चुनाव से पहले एक लाख और नियुक्ति पत्र देने का लक्ष्य है।

20 अभ्यर्थियों को मंच पर सौंपे गए नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान 20 चयनित अभ्यर्थियों को मंच पर नियुक्ति पत्र दिए। सहायक लेखाकार पद पर कृष्णकांत व्यास (झांसी), अभय प्रताप सिंह (मैनपुरी), दीपमाला (संतकबीर नगर), सोनम सैनी (मुरादाबाद), शशांक त्रिपाठी (अंबेडकर नगर), कृष्ण रमण (गोरखपुर), मोहित चौहान (मुरादाबाद), उत्तम कुमार सिंह (चंदौली), ममता यादव (रायबरेली), अभिषेक कुमार यादव (जौनपुर), रीतिका सोनकर (कानपुर नगर), उत्सव सक्सेना (शाहजहांपुर), राजदीप (सहारनपुर), अभिषेक कुमार (प्रयागराज) और संस्कृति मेहरोत्रा (लखनऊ) को नियुक्ति पत्र मिले।

वहीं, लेखा परीक्षक पद पर गौरव पांडेय (अयोध्या), डिम्पल यादव (बलिया), रोहन सोनकर और सान्निध्य सिंह (आजमगढ़) तथा कपिल कुमार (लखीमपुर खीरी) को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।

कार्यक्रम में वित्त विभाग के प्रमुख सचिव आलोक कुमार, सचिव मिनिस्ती एस. और सचिव संदीप कौर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 

Check Also

‘परिसीमन भाजपा की सबसे बड़ी राजनीतिक भूल साबित होगी’, अखिलेश यादव ने सरकार को दी चेतावनी

नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने परिसीमन के मुद्दे पर भारतीय …