Sunday , 13 September 2026

19 साल बाद छात्रों की बड़ी जीत! यूपी की इस यूनिवर्सिटी में फिर मिलेगी ट्रेन किराए में 50% छूट, हजारों विद्यार्थियों को राहत

यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। करीब 19 साल बाद भारतीय रेलवे ने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए रेल किराए में 50 प्रतिशत छूट की सुविधा फिर से लागू कर दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन की पहल के बाद बहाल हुई इस व्यवस्था से हजारों छात्रों को सीधा लाभ मिलेगा, खासकर उन विद्यार्थियों को जो दूसरे राज्यों से पढ़ाई के लिए कानपुर आते हैं।

विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने बताया कि प्रयागराज मंडल की ओर से यह सुविधा लागू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जब वह स्वयं इस विश्वविद्यालय के छात्र थे, तब रेलवे टिकट पर 50 प्रतिशत की छूट मिलती थी। कुलपति बनने के बाद उन्होंने इस सुविधा की जानकारी ली तो पता चला कि यह कई वर्षों से बंद थी। इसके बाद इसे दोबारा शुरू कराने के लिए पहल की गई, जो अब सफल रही है।

19 साल बाद फिर लागू हुई सुविधा

अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. मुकेश श्रीवास्तव के अनुसार, लगभग 19 वर्ष पहले विभिन्न कारणों से छात्रों को मिलने वाली रेल किराया छूट की सुविधा बंद कर दी गई थी। अब इसे नए सिरे से लागू किया गया है। नई व्यवस्था के तहत छात्र-छात्राएं दोनों सेमेस्टर समाप्त होने के बाद अपने गृह जनपद आने-जाने के लिए ट्रेन टिकट पर आधा किराया ही देंगे।

इसके अलावा शैक्षणिक भ्रमण, शोध कार्य और विश्वविद्यालय से जुड़े अन्य आधिकारिक कार्यक्रमों के लिए होने वाली रेल यात्राओं में भी विद्यार्थियों को 50 प्रतिशत किराया छूट का लाभ मिलेगा।

दूसरे राज्यों से आने वाले छात्रों को सबसे ज्यादा फायदा

रेल किराए में छूट का सबसे अधिक लाभ उन विद्यार्थियों को मिलेगा जो जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु सहित देश के विभिन्न राज्यों से सीएसए में पढ़ाई के लिए आते हैं। लंबी दूरी की यात्रा के कारण इन छात्रों का यात्रा खर्च काफी अधिक होता है। अब आधे किराए में यात्रा करने की सुविधा मिलने से उनकी आर्थिक बचत होगी और घर आने-जाने में भी आसानी होगी। इसका लाभ उनके परिवारों को भी मिलेगा।

छात्रों की लंबे समय से चली आ रही मांग हुई पूरी

विश्वविद्यालय के छात्र लंबे समय से रेलवे किराए में मिलने वाली छूट को दोबारा लागू करने की मांग कर रहे थे। 19 साल बाद इस व्यवस्था के बहाल होने से विद्यार्थियों में खुशी का माहौल है। छात्रों का कहना है कि हर वर्ष घर जाने, अध्ययन यात्रा और शैक्षणिक भ्रमण के दौरान यात्रा पर काफी खर्च होता है। अब रेल किराए में 50 प्रतिशत छूट मिलने से आर्थिक बोझ कम होगा और शैक्षणिक गतिविधियों में भाग लेना भी पहले की तुलना में अधिक आसान हो जाएगा।

 

Check Also

CM विजय का बड़ा ऐलान, स्वास्थ्य बीमा कवर 5 लाख से बढ़कर 25 लाख, 7 नए सरकारी नर्सिंग कॉलेज भी खुलेंगे

चेन्नई। तमिलनाडु सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं, मेडिकल शिक्षा और डेयरी क्षेत्र से जुड़े कई बड़े …