Wednesday , 25 November 2026

ओमान के पास फिर समुद्री हमला! भारतीय जहाज ‘जलवीर’ बना निशाना, 3 दिन में तीसरे शिप पर अटैक से बढ़ी चिंता

अंतर्राष्ट्रीय डेस्क : ओमान के तटीय क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। बुधवार को एक वाणिज्यिक जहाज पर हमले की घटना के बाद अब भारतीय जहाज ‘जलवीर’ पर भी हमला होने की खबर सामने आई है। ओमान के शिनास बंदरगाह के निकट हुए इस हमले ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों की सुरक्षा को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, शिनास बंदरगाह के पास स्थित भारतीय पोत ‘जलवीर’ पर हुए हमले की सूचना मिलने के बाद संबंधित एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। सामने आई तस्वीरों में जहाज समुद्र के बीच आग की चपेट में दिखाई दे रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों ने हालात की निगरानी शुरू कर दी है।

भारतीय दूतावास ने दी घटना की जानकारी

ओमान में भारतीय दूतावास की ओर से इस घटना की पुष्टि की गई है। अधिकारियों के मुताबिक, मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है और स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा गया है। फिलहाल हमले के कारणों और इससे हुए नुकसान को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।

एक दिन पहले भी हुआ था बड़ा हमला

इससे पहले 10 जून को ओमान तट के पास एक अन्य वाणिज्यिक जहाज ‘सेटेबेलो’ पर हमला हुआ था। उस जहाज पर कुल 28 लोग सवार थे, जिनमें 24 भारतीय नागरिक शामिल थे। घटना के बाद 21 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि तीन भारतीय लापता बताए गए थे। बाद में लापता लोगों में से दो के शव मिलने की जानकारी भी सामने आई।

विदेश मंत्रालय ने उस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा था कि भारतीय दूतावास ओमान प्रशासन के साथ मिलकर राहत और बचाव अभियान पर लगातार नजर बनाए हुए है।

समुद्री क्षेत्र में बढ़ा तनाव

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, समुद्री सुरक्षा एजेंसियां इस घटनाक्रम को क्षेत्र में बढ़ते तनाव से जोड़कर देख रही हैं। ब्रिटिश समुद्री सुरक्षा समूह की रिपोर्ट में भी इस बात की आशंका जताई गई है कि हालिया घटनाएं क्षेत्रीय सैन्य गतिविधियों और समुद्री मार्गों पर बढ़ते दबाव से जुड़ी हो सकती हैं।

तीन दिन में तीसरे जहाज पर हमला

ओमान के आसपास समुद्री क्षेत्र में लगातार हो रहे हमलों ने चिंता बढ़ा दी है। ‘जलवीर’ पर हमला बीते तीन दिनों में तीसरी ऐसी घटना बताई जा रही है। इससे पहले हुए हमलों को लेकर भारत ने कड़ा रुख अपनाया था और राजनयिक स्तर पर भी विरोध दर्ज कराया था।

फिलहाल ‘जलवीर’ पर हुए हमले की जांच जारी है और संबंधित एजेंसियां घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं। समुद्री मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।

 

Check Also

यूपी चुनाव में किसी को समर्थन नहीं देंगे अभिजीत दीपके, कॉकरोच जनता पार्टी ने साफ किया अपना रुख

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) ने अपनी रणनीति …