
टेक डेस्क: अगर आपका एंड्रॉयड फोन पहले की तुलना में धीरे चार्ज हो रहा है तो जरूरी नहीं कि फोन में कोई बड़ी खराबी हो। कई बार गलत चार्जर, खराब केबल या चार्जिंग के दौरान फोन का ज्यादा इस्तेमाल करने जैसी छोटी-छोटी वजहों से भी चार्जिंग स्पीड कम हो जाती है।
आज के समय में स्मार्टफोन कॉलिंग, ऑनलाइन पेमेंट, सोशल मीडिया और कामकाज के लिए बेहद जरूरी हो गया है। ऐसे में बैटरी जल्दी खत्म होना और फोन को चार्ज होने में ज्यादा समय लगना परेशानी का कारण बन सकता है। कुछ आसान बदलाव करके चार्जिंग स्पीड को बेहतर किया जा सकता है।
हमेशा सही चार्जर और केबल का करें इस्तेमाल
फोन को तेज चार्ज करने के लिए सबसे जरूरी है कि आप सही चार्जर और केबल का उपयोग करें। खराब गुणवत्ता वाली केबल से फोन को पर्याप्त पावर नहीं मिल पाती, जिससे चार्जिंग धीमी हो सकती है।
हमेशा फोन के साथ मिले चार्जर या कंपनी प्रमाणित फास्ट चार्जर और केबल का ही इस्तेमाल करना बेहतर होता है। इसके अलावा फोन को चार्ज करते समय सीधे वॉल आउटलेट का इस्तेमाल करें। कंप्यूटर या लैपटॉप से चार्ज करने पर कई बार कम पावर मिलती है, जिससे चार्जिंग की रफ्तार कम हो सकती है।
चार्जिंग के दौरान फोन चलाने से बचें
कई लोग फोन चार्जिंग पर लगाकर भी लगातार उसका इस्तेमाल करते रहते हैं। वीडियो देखना, गेम खेलना, सोशल मीडिया चलाना या चैटिंग करने से बैटरी की खपत जारी रहती है, जिससे फोन जल्दी चार्ज नहीं हो पाता।
अगर आप चाहते हैं कि फोन तेजी से चार्ज हो तो चार्जिंग के दौरान इसका इस्तेमाल कम करें। जरूरत पड़ने पर एयरप्लेन मोड भी ऑन किया जा सकता है। इससे मोबाइल नेटवर्क, ब्लूटूथ और अन्य वायरलेस कनेक्शन बंद हो जाते हैं और बैटरी की खपत कम हो जाती है।
फोन की बैटरी सेटिंग जरूर जांचें
अगर आपका स्मार्टफोन फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करता है तो फोन की सेटिंग में जाकर बैटरी विकल्प की जांच करें। कई स्मार्टफोन में फास्ट चार्जिंग एक्टिव होने पर इसका संकेत दिखाई देता है।
चार्जिंग स्पीड बेहतर करने के लिए सही चार्जर, अच्छी गुणवत्ता वाली केबल और चार्जिंग के दौरान फोन का कम इस्तेमाल जैसी आदतें काफी मददगार साबित हो सकती हैं। इससे समय की बचत के साथ बैटरी की क्षमता भी लंबे समय तक बेहतर बनी रह सकती है।
Navyug Samachar