
यूपी डेस्क: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और गबन के आरोप सामने आने के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सुरक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव करने का फैसला लिया है। चढ़ावे की गिनती प्रक्रिया को पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए अब नोटों की गिनती में शामिल कर्मचारियों और अधिकृत कर्मियों को बिना जेब वाले विशेष कपड़े पहनने होंगे। इस कदम का मकसद नकदी छिपाने या उसे बाहर ले जाने की किसी भी आशंका को पूरी तरह खत्म करना है।
ट्रस्ट की ओर से सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के बाद चढ़ावे की गिनती से जुड़े कई नियमों में बदलाव किया गया है। नई व्यवस्था के तहत काउंटिंग हॉल में प्रवेश करने से पहले कर्मचारियों की दोहरी जांच होगी। कर्मचारियों के आने-जाने का पूरा डिजिटल रिकॉर्ड रखा जाएगा और पूरी गिनती प्रक्रिया हाई-रिजॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रिकॉर्ड की जाएगी।
भंडार कक्ष में पूरी तरह बदले जाएंगे नियम
नई व्यवस्था के मुताबिक कर्मचारियों को कुर्सी और मेज की बजाय जमीन पर बैठकर नोटों की गिनती करनी होगी। काउंटिंग हॉल में मोबाइल फोन, कैमरा, बैग या किसी भी तरह का निजी सामान ले जाने की अनुमति नहीं होगी। केवल अधिकृत कर्मचारियों को ही गिनती कक्ष में प्रवेश मिलेगा, जबकि पूरी प्रक्रिया कई स्तरों की निगरानी में पूरी कराई जाएगी।
गिनती पूरी होने के बाद रिकॉर्ड की जांच भी की जाएगी। इसके अलावा चढ़ावे की राशि को तत्काल निर्धारित बैंकिंग प्रक्रिया के तहत जमा कराया जाएगा। प्रत्येक चरण का दस्तावेजी रिकॉर्ड तैयार होगा और पूरी प्रक्रिया में जवाबदेही भी तय की जाएगी।
कथित चोरी और गबन के आरोपों के बाद लिया गया फैसला
राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और गबन के आरोप सामने आने के बाद ट्रस्ट ने पूरी व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की थी। जांच के दौरान कई प्रक्रियागत कमियों की ओर संकेत किया गया, जिसके बाद नकदी प्रबंधन और चढ़ावे की गिनती प्रणाली को पहले से अधिक मजबूत बनाने का निर्णय लिया गया। ट्रस्ट का उद्देश्य श्रद्धालुओं की ओर से दिए गए चढ़ावे की सुरक्षा सुनिश्चित करना और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना है।
हालांकि, इन व्यवस्थाओं को लेकर ट्रस्ट की ओर से विस्तृत आधिकारिक आदेश अभी जारी नहीं किया गया है। बिना जेब वाले कपड़ों की व्यवस्था समेत सभी नए सुरक्षा उपायों को अंतिम रूप औपचारिक अधिसूचना और विस्तृत दिशा-निर्देश जारी होने के बाद ही लागू माना जाएगा।
आज थाने पहुंचेंगे वकील, दर्ज कराएंगे तहरीर
राम मंदिर चढ़ावा गबन मामले को लेकर फैजाबाद बार एसोसिएशन के करीब 100 वकीलों का समूह आज थाना राम जन्मभूमि पहुंचकर चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव के खिलाफ तहरीर देगा। एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका मिश्रा ने मीडिया से कहा कि चढ़ावा चोरी के आरोपों से श्रद्धालुओं के साथ-साथ अधिवक्ताओं की भावनाएं भी आहत हुई हैं। इसी कारण आरोपियों का मुकदमा नहीं लड़ने का फैसला किया गया है।
6 जुलाई को होगी ट्रस्ट की आपात बैठक
राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी और गबन के पूरे मामले पर चर्चा के लिए ट्रस्ट ने 6 जुलाई को आपात बैठक बुलाई है। बैठक का नेतृत्व कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी करेंगे। इसमें अनिल मिश्रा और चंपत राय के इस्तीफे सहित ट्रस्ट की आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। फिलहाल ट्रस्ट का काम गोपाल राव देख रहे हैं।
Navyug Samachar