Thursday , 10 September 2026

जुलाई के पहले दिन बड़ी राहत, अचानक सस्ता हुआ पेट्रोल-डीजल; जानें किन ग्राहकों को मिला सीधा फायदा

नेशनल डेस्क: जुलाई की शुरुआत आम लोगों के लिए राहत भरी खबर लेकर आई है। देश की प्रमुख निजी ईंधन रिटेल कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ी कटौती की घोषणा की है। इस फैसले के बाद पेट्रोल के दाम में लगभग 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत में करीब 3 रुपये प्रति लीटर की कमी की गई है।

1 जुलाई से देशभर में लागू हुई नई दरें

कंपनी की ओर से जारी नई कीमतें 1 जुलाई 2026 से पूरे देश में लागू हो गई हैं। यह दरें नायरा एनर्जी के 7,000 से अधिक पेट्रोल पंपों पर प्रभावी हो चुकी हैं। हालांकि अलग-अलग राज्यों में वैट और स्थानीय करों के कारण अंतिम खुदरा कीमतों में अंतर देखने को मिल सकता है।

पश्चिम एशिया तनाव में नरमी का असर, क्रूड ऑयल में गिरावट

जानकारों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट और पश्चिम एशिया में तनाव कम होने का असर सीधे ईंधन कीमतों पर पड़ा है। माना जा रहा है कि इसी कारण निजी कंपनी ने उपभोक्ताओं को राहत देने का फैसला लिया है।

सरकारी तेल कंपनियों ने नहीं बदले दाम

जहां निजी कंपनी ने कीमतों में कटौती की है, वहीं सरकारी तेल कंपनियां फिलहाल अपने पुराने रेट पर ही कायम हैं। इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की ओर से किसी तरह की कमी की घोषणा नहीं की गई है। दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर है।

पहले बढ़े थे दाम, अब मिली राहत

इसी साल 26 मार्च 2026 को नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए थे, लेकिन अब अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में सुधार और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बाद उतनी ही कटौती कर दी गई है।

सप्लाई स्थिर होने से बाजार में राहत

विशेषज्ञों का कहना है कि रणनीतिक समुद्री मार्गों के सामान्य होने और सप्लाई चेन में सुधार से वैश्विक ऊर्जा बाजार में स्थिरता आई है। इसका सीधा असर क्रूड ऑयल की कीमतों पर पड़ा है, जिससे कंपनियों की लागत में कमी आई है।

क्या आगे सरकारी कंपनियां भी घटाएंगी कीमतें

ऊर्जा बाजार से जुड़े जानकारों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्थिति स्थिर रहती है, तो आने वाले दिनों में सरकारी तेल कंपनियां भी कीमतों की समीक्षा कर सकती हैं। हालांकि फिलहाल कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

उपभोक्ताओं को मिली बड़ी राहत

नए महीने की शुरुआत के साथ आई यह कटौती खासतौर पर उन लोगों के लिए राहत लेकर आई है, जो नायरा एनर्जी के पेट्रोल पंपों से ईंधन भरवाते हैं। महंगाई के बीच यह फैसला आम लोगों के मासिक खर्च पर सकारात्मक असर डाल सकता है।

 

Check Also

सितंबर से महंगी होंगी क्रेटा, वैन्यू, एक्सटर और i20 समेत हुंडई की कई कारें, इस साल तीसरी बार बढ़ेंगे दाम

ऑटो डेस्क: हुंडई मोटर इंडिया एक बार फिर अपनी कारों की कीमतों में बढ़ोतरी करने …