Thursday , 13 August 2026

पुणे हत्याकांड में बड़ा खुलासा, मंगेतर सिया गोयल की गतिविधियों पर पहले से था केतन अग्रवाल को शक; परिवार से पूछी थी बैकग्राउंड जांच की बात

नेशनल डेस्क: पुणे के चर्चित रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, रोज नए खुलासे सामने आ रहे हैं। पुलिस जांच में अब यह बात सामने आई है कि हत्या से कुछ दिन पहले ही केतन अग्रवाल को अपनी मंगेतर सिया गोयल के व्यवहार पर गंभीर संदेह होने लगा था। उन्होंने अपने परिवार से यह तक पूछा था कि शादी तय करने से पहले सिया की पूरी पृष्ठभूमि की जांच की गई थी या नहीं।

रिश्ते में बढ़ा तनाव, बाली ट्रिप रद्द होने के बाद बदला व्यवहार

जांच एजेंसियों के अनुसार 6 जून को इंडोनेशिया के बाली में प्रस्तावित प्री-वेडिंग ट्रिप रद्द होने के बाद दोनों के रिश्तों में तनाव बढ़ता गया। केतन ने अपने पिता विशाल अग्रवाल को बताया था कि सिया छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करने लगी है और उसका व्यवहार पहले जैसा नहीं रहा। हालांकि परिवार ने उस समय स्थिति को सामान्य मानते हुए बातचीत से समाधान की सलाह दी थी।

फोन कॉल और चेतन चौधरी के जिक्र से बढ़ा शक

पुलिस के मुताबिक केतन ने अपने परिवार को यह भी बताया था कि सिया का फोन अक्सर व्यस्त रहता था और बातचीत के दौरान वह बार-बार चेतन चौधरी का नाम लेती थी। इसी वजह से केतन को रिश्ते को लेकर संदेह और गहरा होता गया। परिवार ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि रिश्तों को लेकर चिंता की जरूरत नहीं है।

लोहागढ़ किले से पहले भी उठाए थे सवाल

जांच में यह भी सामने आया है कि 14 जून को लोहागढ़ किला घूमकर लौटने के बाद केतन ने अपने पिता से दोबारा यह सवाल किया था कि क्या शादी से पहले सिया की पूरी जांच कराई गई थी। पुलिस का कहना है कि यह बातचीत इस बात का संकेत देती है कि घटना से पहले ही केतन के मन में रिश्ते को लेकर गंभीर आशंकाएं थीं।

18 जून को लोहागढ़ किले पर हुई थी हत्या

पुलिस के अनुसार 18 जून को पुणे के लोहागढ़ किले पर घूमने के दौरान केतन अग्रवाल की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। आरोप है कि उनकी मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर उन्हें पहाड़ी से धक्का दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों की शादी इसी वर्ष नवंबर में होने वाली थी।

दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में, जांच तेज

इस मामले में पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को अदालत ने 3 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजा है। पुलिस दोनों से लगातार पूछताछ कर रही है और हत्या की साजिश से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

मोबाइल चैट और कॉल रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस

जांच एजेंसियां दोनों आरोपियों के मोबाइल डेटा, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और चैट हिस्ट्री की गहन जांच कर रही हैं। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हत्या की योजना कब और कैसे बनाई गई और क्या इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका भी शामिल है।

पुलिस जांच में कई सवाल बने हुए हैं

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि केतन को पहले से ही शक था, तो क्या हत्या की साजिश पहले से रची जा रही थी। क्या यह घटना अचानक हुई या इसके पीछे लंबी योजना थी—इन सभी पहलुओं पर पुलिस की जांच जारी है।

 

Check Also

₹175 का दूध रिफंड लेना पड़ा महंगा! फर्जी कस्टमर केयर के जाल में फंसी महिला, खाते से उड़ गए ₹1.91 लाख

नेशनल डेस्क: गुजरात के राजकोट में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया …