Sunday , 13 September 2026

अतीक अहमद के बेटे अबान की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा, शरीर पर मिलीं 23 चोटें; ब्रेन हेमरेज और इंटरनल इंजरी से हुई मौत

उत्तर प्रदेश डेस्क: माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की सड़क हादसे में मौत के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक अबान के शरीर पर कुल 23 चोटों के निशान मिले हैं। सिर में गंभीर चोट के साथ ब्रेन हेमरेज और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर क्षति की बात सामने आई है। हादसे में अबान के दोस्त रफीक उर्फ सोनू की भी मौत हुई थी। पोस्टमार्टम में सोनू की मौत सिर में लगी गंभीर चोट के कारण होने की पुष्टि हुई है।

अबान अपने भाई से मिलने के लिए जा रहा था। इसी दौरान कानपुर-झांसी मार्ग पर उसकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में अबान और उसके दोस्त सोनू की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव शुक्रवार को प्रयागराज लाए गए।

अबान के शरीर पर मिलीं 23 चोटें

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार अबान के शरीर पर 23 चोटों के निशान मिले हैं। इन गंभीर चोटों के चलते शरीर के कई अंदरूनी हिस्सों को नुकसान पहुंचा। रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट, ब्रेन हेमरेज और गंभीर इंटरनल इंजरी का उल्लेख किया गया है।

वहीं, अबान के दोस्त रफीक उर्फ सोनू की मौत सिर में लगी गंभीर चोट के कारण हुई। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों के शव प्रयागराज लाए गए।

सोनू को किया गया सुपुर्द-ए-खाक

सोनू का जनाजा शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद निकाला गया। इसके बाद उसे सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। वहीं अबान के जनाजे को उसके बड़े भाइयों अली अहमद और उमर अहमद के आने तक रोक दिया गया।

जनाजे में शामिल होंगे अली और उमर

झांसी जेल में बंद अली अहमद और लखनऊ जेल में बंद उमर अहमद को अबान के जनाजे में शामिल होने के लिए इलाहाबाद हाई कोर्ट से अनुमति मिली है। दोनों को सीमित अवधि के लिए पैरोल दी गई है।

बुआ परवीन कुरैशी की याचिका पर शुक्रवार को न्यायमूर्ति अजय भनोट और न्यायमूर्ति दिवेश चंद सामंत की खंडपीठ ने सुनवाई की। अदालत ने दोनों को 8 अगस्त की रात 8 बजे तक पैरोल की अनुमति दी है। पैरोल के दौरान दोनों पर कई शर्तें भी लागू रहेंगी। इनमें प्रमुख शर्त यह है कि अली और उमर मीडिया से बातचीत नहीं करेंगे।

आज होगा अबान का अंतिम संस्कार

अली और उमर के प्रयागराज पहुंचने के बाद अबान का जनाजा निकाला जाएगा। परिवार की ओर से शनिवार को उसे सुपुर्द-ए-खाक किए जाने की तैयारी है। अबान की मौत के बाद सामने आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हादसे में आई गंभीर चोटों और अंदरूनी क्षति का पता चला है।

 

Check Also

CM विजय का बड़ा ऐलान, स्वास्थ्य बीमा कवर 5 लाख से बढ़कर 25 लाख, 7 नए सरकारी नर्सिंग कॉलेज भी खुलेंगे

चेन्नई। तमिलनाडु सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं, मेडिकल शिक्षा और डेयरी क्षेत्र से जुड़े कई बड़े …