Monday , 26 October 2026

Railway Jobs: रेलवे में स्टेशन मास्टर के 1250 पदों पर भर्ती, 27 अक्टूबर से आवेदन; ये दस्तावेज रखें तैयार

जॉब्स डेस्क: रेलवे में सरकारी नौकरी पाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए स्टेशन मास्टर बनने का मौका है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने स्टेशन मास्टर के करीब 1250 पदों पर भर्ती के लिए शॉर्ट नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 27 अक्टूबर 2026 से शुरू होने की जानकारी दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 25 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। इनमें करीब 100 पद आरआरबी प्रयागराज के माध्यम से भरे जाने की संभावना है।

इस बार स्टेशन मास्टर भर्ती परीक्षा कराने की जिम्मेदारी पहली बार आरआरबी अजमेर को सौंपी गई है। देशभर में रेलवे भर्ती बोर्ड के 21 बोर्ड हैं। ऐसे में विभिन्न बोर्डों से जुड़े अभ्यर्थियों की परीक्षा आयोजित कराना अजमेर आरआरबी के लिए बड़ी जिम्मेदारी होगी।

गौरतलब है कि पहले स्टेशन मास्टर पद पर भर्ती एनटीपीसी ग्रेजुएशन लेवल भर्ती के तहत होती थी। हालांकि, इस साल से स्टेशन मास्टर पद को एनटीपीसी भर्ती से अलग कर दिया गया है। भर्ती से संबंधित विस्तृत विज्ञापन जारी होने के बाद पात्रता और अन्य शर्तों की जानकारी स्पष्ट होगी।

कैसे करें आवेदन?

स्टेशन मास्टर भर्ती के लिए अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन की प्रक्रिया इस प्रकार है:

  1. सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट rrbapply.gov.in पर जाएं।
  2. स्टेशन मास्टर भर्ती से संबंधित CEN 08/2026 लिंक तलाशें।
  3. निर्देशों के अनुसार रजिस्ट्रेशन करें या अपने खाते में लॉगिन करें।
  4. आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियां सावधानीपूर्वक भरें।
  5. जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।
  6. लागू आवेदन शुल्क का भुगतान करें।
  7. फॉर्म सबमिट करने के बाद उसकी डिजिटल कॉपी या प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।

स्टेशन मास्टर को कितना मिलेगा वेतन?

स्टेशन मास्टर का पद सातवें वेतन आयोग के पे मैट्रिक्स के लेवल-6 में आता है। इस पद के लिए शुरुआती मूल वेतन 35,400 रुपये प्रतिमाह निर्धारित है। इसके अतिरिक्त नियमानुसार अन्य भत्ते भी मिल सकते हैं। वेतन और भत्तों की विस्तृत जानकारी आधिकारिक भर्ती विज्ञापन में देखी जा सकेगी।

आवेदन से पहले तैयार रखें ये दस्तावेज

आवेदन प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी से बचने के लिए अभ्यर्थियों को जरूरी दस्तावेज और व्यक्तिगत विवरण पहले से तैयार रखने चाहिए।

  • आधार कार्ड और उसमें दर्ज व्यक्तिगत विवरण।
  • हाईस्कूल प्रमाणपत्र, जिसमें नाम, पिता का नाम और जन्मतिथि दर्ज हो।
  • नवीनतम फोटो।
  • बायोमेट्रिक विवरण।
  • ऑनलाइन आवेदन के लिए आवश्यक अन्य दस्तावेज, जिनका उल्लेख आधिकारिक नोटिफिकेशन में किया जाएगा।

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आधार कार्ड में दर्ज नाम, पिता का नाम और जन्मतिथि का हाईस्कूल प्रमाणपत्र से मिलान कर लें। दोनों दस्तावेजों में अंतर होने पर आवेदन से पहले आधार में आवश्यक सुधार करा लें। फोटो और बायोमेट्रिक विवरण भी अपडेट रखें।

आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी अधिसूचना ध्यानपूर्वक पढ़नी चाहिए। पात्रता, आयु सीमा, आवेदन शुल्क और अन्य जरूरी शर्तों की पुष्टि आधिकारिक विज्ञापन से ही करें।

Check Also

देशसेवा में भी हमसफर! भारतीय सेना में पति-पत्नी अमित और राधिका को एक साथ मिला लेफ्टिनेंट कर्नल का पद, उपलब्धियों ने बढ़ाया हिमाचल का गौरव

  नेशनल डेस्क: भारतीय सेना में सेवा देते हुए पति-पत्नी का एक साथ लेफ्टिनेंट कर्नल …