Monday , 5 October 2026

यूपी डिफेंस कॉरिडोर की नई रणनीति से रक्षा उत्पादन को मिलेगी रफ्तार, कानपुर से चित्रकूट तक तैयार हो रहे विशेष रक्षा हब

लखनऊ: उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर अब क्लस्टर आधारित रणनीति के जरिए देश के सबसे बड़े रक्षा विनिर्माण केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। राज्य सरकार और उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण की इस पहल के तहत प्रदेश के अलग-अलग शहरों को उनकी विशेष क्षमता के आधार पर विकसित किया जा रहा है, जिससे रक्षा उत्पादन, परीक्षण, अनुसंधान, एकीकरण और निर्यात तक की एक मजबूत और समेकित व्यवस्था तैयार हो रही है।

कानपुर, लखनऊ, अलीगढ़, झांसी और चित्रकूट में विकसित किए जा रहे विशेष औद्योगिक केंद्र देश को रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लक्ष्य को मजबूती देने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश को रक्षा औद्योगिक क्रांति के अग्रणी राज्यों में शामिल कर रहे हैं।

कानपुर बनेगा छोटे हथियार और सुरक्षा उपकरणों का बड़ा केंद्र

कानपुर को छोटे हथियारों, गोला-बारूद, बैलिस्टिक सुरक्षा प्रणालियों और रक्षा वस्त्र निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां कई औद्योगिक इकाइयां उत्पादन शुरू कर चुकी हैं, जबकि कई नई परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।

रक्षा क्षेत्र से जुड़ी इकाइयों के संचालन से हथियारों, गोला-बारूद और सैनिक सुरक्षा उपकरणों की मजबूत आपूर्ति श्रृंखला तैयार हो रही है, जो घरेलू जरूरतों के साथ निर्यात मांग को भी पूरा करने में सक्षम होगी।

इसके अलावा भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर में प्रस्तावित अत्याधुनिक परीक्षण सुविधाएं मानव रहित विमान और संचार प्रणालियों के परीक्षण एवं प्रमाणन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी, जिससे स्वदेशी तकनीक के विकास को बढ़ावा मिलेगा।

लखनऊ में तैयार होगा मिसाइल और एयरोस्पेस तकनीक का बड़ा केंद्र

राजधानी लखनऊ डिफेंस कॉरिडोर के सबसे बड़े मिसाइल, एयरोस्पेस और उन्नत रक्षा प्रणालियों के केंद्र के रूप में उभर रहा है। यहां अगली पीढ़ी की मिसाइल प्रणालियों और एयरोस्पेस तकनीकों से जुड़ी कई परियोजनाएं संचालित और प्रस्तावित हैं।

मिसाइल प्रक्षेपण प्रणालियां, मिसाइल कंटेनर, उन्नत मिश्रित संरचनाएं और एयरोस्पेस सामग्री से जुड़े निवेश लखनऊ को भविष्य की रक्षा तकनीकों के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित कर रहे हैं।

इसके साथ ही यहां उन्नत रक्षा सामग्री परीक्षण सुविधा स्थापित किए जाने की भी योजना है, जिससे रक्षा और एयरोस्पेस क्षेत्र की सामग्रियों के परीक्षण और गुणवत्ता प्रमाणन को मजबूती मिलेगी।

अलीगढ़ में ड्रोन और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध तकनीक पर फोकस

अलीगढ़ को मानव रहित विमान, प्रतिरोधी ड्रोन प्रणाली, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध तकनीक, सेंसर और सटीक इंजीनियरिंग आधारित रक्षा उत्पादन के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

यहां कई कंपनियां ड्रोन, एंटी-ड्रोन प्रणाली, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध उपकरण और भारी क्षमता वाले मानव रहित विमान विकसित करने की दिशा में काम कर रही हैं। इससे अलीगढ़ भविष्य की युद्ध तकनीकों के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभर रहा है।

झांसी बनेगा विस्फोटक और भारी रक्षा उत्पादन का सबसे बड़ा हब

झांसी को डिफेंस कॉरिडोर के सबसे बड़े विस्फोटक, गोला-बारूद और भारी रक्षा विनिर्माण केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां मिसाइल प्रणोदन प्रणालियों से लेकर विस्फोटक निर्माण और तोपखाने के गोले तैयार करने तक की कई बड़ी परियोजनाएं स्थापित की जा रही हैं।

इसके साथ ही मानव रहित विमान, युद्ध सामग्री, रक्षा इलेक्ट्रॉनिक्स और हथियार प्रणालियों से जुड़े निवेश भी झांसी को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण रक्षा केंद्र में बदल रहे हैं।

चित्रकूट में तैयार होगा रक्षा इलेक्ट्रॉनिक्स का विशेष केंद्र

चित्रकूट को डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स और सिस्टम इंटीग्रेशन के विशेष केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां लगभग 562.5 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश के साथ उन्नत एकीकरण और परीक्षण सुविधा स्थापित की जाएगी।

इस परियोजना से रक्षा इलेक्ट्रॉनिक्स, सेंसर, संचार उपकरण, कमांड एवं कंट्रोल सिस्टम और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणालियों के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

एकीकृत मॉडल से आत्मनिर्भर भारत को मिलेगा बल

डिफेंस कॉरिडोर की क्लस्टर आधारित रणनीति के तहत प्रदेश के अलग-अलग शहरों को उनकी विशेषज्ञता के अनुसार विकसित किया जा रहा है। कानपुर को छोटे हथियारों और गोला-बारूद, लखनऊ को मिसाइल और एयरोस्पेस, अलीगढ़ को ड्रोन एवं इलेक्ट्रॉनिक युद्ध तकनीक, झांसी को विस्फोटक और भारी रक्षा उत्पादन तथा चित्रकूट को रक्षा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सिस्टम इंटीग्रेशन के केंद्र के रूप में तैयार किया जा रहा है।

इस मॉडल के जरिए डिजाइन, परीक्षण, निर्माण, एकीकरण और प्रमाणन की पूरी प्रक्रिया को एक ही व्यवस्था में जोड़ा जा रहा है। इससे स्वदेशी रक्षा उत्पादन को गति मिलने, राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूती मिलने और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन की उम्मीद है।

 

Check Also

CEC ज्ञानेश कुमार पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, निलंबन से लेकर SIR और Form 6 तक उठे बड़े सवाल

नेशनल डेस्क: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यशैली को लेकर उठे सवाल अब सुप्रीम …