Thursday , 10 September 2026

यूपी में बारिश का डबल अटैक! 12 जिलों पर रेड अलर्ट, अगले 48 घंटे बेहद भारी पड़ सकते हैं

यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश में मानसून अब बेहद आक्रामक हो गया है। लगातार हो रही बारिश ने कई जिलों में जनजीवन प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए बड़ा अलर्ट जारी करते हुए 12 जिलों में अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट घोषित किया है। इसके अलावा 31 जिलों में बहुत भारी बारिश और 25 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

12 जिलों में रेड अलर्ट, बेहद भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, कासगंज, एटा, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं समेत आसपास के क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

इन 31 जिलों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट

गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद और जालौन सहित आसपास के क्षेत्रों में बहुत भारी बारिश हो सकती है।

इन जिलों में भारी बारिश की संभावना

प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में भी भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।

कई जिलों में बारिश बनी आफत

पिछले 24 घंटों के दौरान तेज बारिश का असर कई जिलों में देखने को मिला। शाहजहांपुर के खुटार क्षेत्र के टाह खुर्द कलां गांव में तीन मकान ढह गए, जिसमें एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं पीलीभीत में जलभराव की स्थिति बनने के बाद 21 जुलाई को परिषदीय विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।

24 घंटे में यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, बरेली के बहेड़ी में 174 मिमी, लखीमपुर खीरी के मुहम्मदी में 160 मिमी, रामपुर के बिलासपुर में 152.4 मिमी, शाहजहांपुर के पवायां में 150.3 मिमी, बहराइच के महसी में 127 मिमी, श्रावस्ती के भिनगा में 122 मिमी और उन्नाव के हसनगंज में 119 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा चंदौली में 111 मिमी, बलिया में 105.2 मिमी, कैसरगंज में 90 मिमी, सकलडीहा में 84 मिमी, तुलसीपुर में 83 मिमी, सिरौली गौसपुर में 75 मिमी, कर्नलगंज में 68 मिमी और लखीमपुर में 65.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

खराब मौसम के कारण वाराणसी डायवर्ट हुई फ्लाइट

खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। गुवाहाटी से कोलकाता जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6ई-729 को कोलकाता में लैंडिंग की अनुमति नहीं मिलने पर वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा। विमान में 173 यात्री और चार क्रू सदस्य सवार थे। मौसम सामान्य होने के बाद करीब एक घंटे 15 मिनट बाद विमान को कोलकाता के लिए रवाना किया गया।

 

Check Also

CM विजय का बड़ा ऐलान, स्वास्थ्य बीमा कवर 5 लाख से बढ़कर 25 लाख, 7 नए सरकारी नर्सिंग कॉलेज भी खुलेंगे

चेन्नई। तमिलनाडु सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं, मेडिकल शिक्षा और डेयरी क्षेत्र से जुड़े कई बड़े …