
बिजनेस डेस्क: भारत की युवा पीढ़ी अब घर खरीदने के फैसले को लंबे समय तक टालने के बजाय कम उम्र में ही पूरा करने की ओर बढ़ रही है. कोटक महिंद्रा बैंक के आंकड़ों के मुताबिक, 2024 से 2026 के बीच 25 से 30 साल की उम्र वाले होम लोन ग्राहकों की संख्या 86 फीसदी बढ़ी है. इस दौरान इन ग्राहकों की संख्या 1234 से बढ़कर 2290 हो गई. वहीं, होम लोन पोर्टफोलियो में Gen Z की हिस्सेदारी भी 6 फीसदी से बढ़कर 9 फीसदी हो गई है.
हर महीने किराया देने के बाद अपना घर होना लगभग हर परिवार का सपना होता है. हालांकि, पहले आमतौर पर माना जाता था कि लोग 35 या 40 साल की उम्र के बाद घर खरीदने का फैसला लेते हैं. अब यह तस्वीर बदलती दिखाई दे रही है. नई पीढ़ी पहले की तुलना में कम उम्र में ही घर खरीदने की दिशा में कदम बढ़ा रही है.
दो साल में 86 फीसदी बढ़े युवा होम लोन ग्राहक
कोटक महिंद्रा बैंक के डेटा के अनुसार, 2024 से 2026 के बीच 25 से 30 साल की उम्र वाले होम लोन ग्राहकों की संख्या में 86 फीसदी की बढ़ोतरी हुई. यह संख्या 1234 से बढ़कर 2290 हो गई. यानी दो साल के भीतर इस आयु वर्ग में होम लोन लेने वालों की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ है.
इस बदलाव की एक वजह हाल के वर्षों में रियल एस्टेट सेक्टर की तेज रफ्तार को माना जा सकता है. निवेश के लिए प्रॉपर्टी एक विकल्प के तौर पर सामने आई है, जिसने युवा खरीदारों को भी घर खरीदने के लिए प्रेरित किया है. इसके अलावा किराए के मकान में नहीं रहने की इच्छा ने भी युवाओं के बीच अपना घर खरीदने की चाहत बढ़ाई है.
होम लोन में Gen Z की हिस्सेदारी भी बढ़ी
युवाओं के बीच घर खरीदने का बढ़ता रुझान सिर्फ ग्राहकों की संख्या में ही नहीं दिख रहा है. कोटक के आंकड़ों के मुताबिक, होम लोन पोर्टफोलियो में Gen Z की हिस्सेदारी 6 फीसदी से बढ़कर 9 फीसदी हो गई है. यानी महज दो साल में इस हिस्सेदारी में 50 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई.
कोविड के बाद घर को लेकर लोगों की प्राथमिकताओं में भी बदलाव आया है. घर अब केवल रहने की जगह नहीं रह गया है, बल्कि काम, परिवार और भविष्य की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण फैसला भी बन गया है.
कम उम्र में घर खरीदने के पीछे क्या वजह?
कम उम्र में बेहतर नौकरी, बढ़ती आमदनी और करियर में जल्दी तरक्की को इस बदलाव की प्रमुख वजहों में गिना जा रहा है. बैंक के मुताबिक, युवा दंपती संयुक्त आमदनी के दम पर घर खरीद रहे हैं. वहीं, कई युवा अपने परिवार के घर खरीदने के सपने को पूरा करने में भी मदद कर रहे हैं.
युवा खरीदार बड़े घर का इंतजार करके फैसला टालने के बजाय अपनी मौजूदा जरूरत और बजट के हिसाब से पहला घर खरीद रहे हैं. कई लोगों के लिए यह भविष्य की आर्थिक मजबूती की पहली सीढ़ी भी बन रहा है.
25-30 साल वालों में सबसे तेज बढ़ोतरी
आंकड़ों के मुताबिक, 30 से 45 साल के होम लोन ग्राहकों की संख्या में 26 फीसदी बढ़ोतरी हुई है. इसके मुकाबले 25 से 30 साल की उम्र वाले ग्राहकों में इजाफा कहीं ज्यादा तेज रहा है.
कुल मिलाकर, घर खरीदने की उम्र को लेकर पुरानी सोच बदलती दिखाई दे रही है. जहां पहले 35 या 40 साल की उम्र के आसपास घर खरीदने का फैसला आम माना जाता था, वहीं अब युवा कम उम्र में ही होम लोन लेकर अपने घर का सपना पूरा करने की ओर बढ़ रहे हैं.
Navyug Samachar