Sunday , 20 September 2026

छात्रों पर कार्रवाई से राम मंदिर ट्रस्ट के चंदे तक, खरगे की मोदी सरकार से 3 बड़ी मांगें; बोले- देश से माफी मांगें PM

नेशनल डेस्क: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई और राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े चंदे व संपत्ति के सवालों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सामने तीन मांगें रखी हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर गृह मंत्री को संसद में जवाब देना चाहिए, राम मंदिर ट्रस्ट के चंदे और संपत्ति से जुड़े सवालों का प्रधानमंत्री जवाब दें और जनता की आस्था को ठेस पहुंचने पर प्रधानमंत्री देश से माफी मांगें।

गृह मंत्री संसद में आकर दें जवाब

खरगे ने अपनी पहली मांग छात्रों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर रखी है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री को संसद में आकर बताना चाहिए कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई क्यों की गई और इसके लिए जिम्मेदार कौन है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि छात्रों के खिलाफ पैलेट गन, आंसू गैस, वाटर कैनन और इलेक्ट्रॉनिक लाठियों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि देश के भविष्य माने जाने वाले युवाओं के साथ इस तरह का व्यवहार क्यों किया गया।

खरगे के मुताबिक, विपक्ष पिछले 14-15 दिनों से इस मुद्दे पर संसद में चर्चा और गृह मंत्री के बयान की मांग कर रहा है, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई जवाब नहीं आया है। उन्होंने कहा कि युवा जवाब चाहते हैं और सरकार को संसद के साथ-साथ देश की जनता के सामने भी जवाब देना होगा।

राम मंदिर ट्रस्ट के चंदे और संपत्ति पर जवाब की मांग

खरगे ने अपनी दूसरी मांग राम मंदिर ट्रस्ट से मिले चंदे और संपत्ति को लेकर उठाए जा रहे सवालों से जुड़ी रखी। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का गठन केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने किया था और ट्रस्टियों का चयन भी किया गया था।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि ट्रस्ट को मिले चंदे, सोने-चांदी, धन और दूसरी कीमती संपत्तियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूछा कि ऐसे आरोप और सवाल सामने आने के बाद भी वह इस मुद्दे पर चुप क्यों हैं।

चंदे की एक-एक पाई का हिसाब मांगा

खरगे ने कहा कि भगवान श्रीराम के नाम पर देश के लोगों ने आस्था के साथ चंदा दिया है। ऐसे में उस राशि की एक-एक पाई का हिसाब जनता के सामने आना चाहिए। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि जांच के बाद वास्तविकता देश के सामने रखी जानी चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी ने लोगों की आस्था के साथ विश्वासघात किया है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

तीसरी मांग- प्रधानमंत्री मोदी देश से मांगें माफी

खरगे की तीसरी मांग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से देश की जनता से माफी मांगने की है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि करोड़ों लोगों की भगवान श्रीराम और अयोध्या से गहरी आस्था जुड़ी हुई है। ऐसे में इतनी पवित्र आस्था से जुड़े मामले में गंभीर सवाल उठने के बावजूद प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की चुप्पी दुर्भाग्यपूर्ण है।

खरगे ने कहा कि देश जवाब मांग रहा है, लेकिन सरकार मौन है। उन्होंने प्रधानमंत्री से सामने आकर पूरे मामले पर देश को जवाब देने और जनता की आस्था को पहुंची कथित ठेस के लिए माफी मांगने की मांग की।

 

Check Also

CM विजय का बड़ा ऐलान, स्वास्थ्य बीमा कवर 5 लाख से बढ़कर 25 लाख, 7 नए सरकारी नर्सिंग कॉलेज भी खुलेंगे

चेन्नई। तमिलनाडु सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं, मेडिकल शिक्षा और डेयरी क्षेत्र से जुड़े कई बड़े …