
नेशनल डेस्क : प्यार, विश्वास और साथ निभाने के वादों पर टिके रिश्ते आज कई बार ऐसे अपराधों की वजह बनते दिखाई दे रहे हैं, जिन्होंने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। हाल के वर्षों में सामने आए कई चर्चित मामलों ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर रिश्तों में ऐसा क्या बदल रहा है कि प्रेम, सगाई और शादी जैसे संबंध अब हत्या और विश्वासघात की खबरों से जुड़ते जा रहे हैं।
पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड से लेकर राजा रघुवंशी, सौरभ राजपूत और महालक्ष्मी हत्याकांड तक, कई मामलों ने लोगों को रिश्तों की बुनियाद, भरोसे और पारदर्शिता पर फिर से सोचने को मजबूर कर दिया है।
केतन अग्रवाल हत्याकांड ने बढ़ाई चिंता
पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल की 18 जून को लोहागढ़ किले के पास गहरी खाई में गिरने से मौत हुई थी। शुरुआती तौर पर इसे हादसा माना गया, लेकिन पुलिस जांच में मामला कथित हत्या की साजिश के रूप में सामने आया।
जांच के अनुसार, केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी पर केतन को खाई में धक्का देकर मौत के घाट उतारने का आरोप है। पुलिस का दावा है कि दोनों ने मिलकर घटना को हादसे का रूप देने की कोशिश की। मामले में दोनों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
जांच में यह भी सामने आया कि कथित तौर पर 14 जून को भी केतन को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई थी, लेकिन उस समय वह बच गया था।
हनीमून ट्रिप बनी मौत की आखिरी यात्रा
इंदौर के युवा कारोबारी राजा रघुवंशी का मामला भी देशभर में चर्चा का विषय बना था। शादी के बाद हनीमून पर गए राजा की मौत ने लोगों को स्तब्ध कर दिया था।
जांच एजेंसियों के अनुसार, मेघालय में राजा की मौत के मामले में उसकी पत्नी सोनम पर अपने कथित प्रेमी और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर साजिश रचने के आरोप लगे। इस घटना ने शादी और वैवाहिक विश्वास को लेकर व्यापक बहस छेड़ दी थी।
सौरभ राजपूत केस ने पूरे देश को किया था हैरान
मेरठ का चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड अपनी क्रूरता के कारण लंबे समय तक सुर्खियों में रहा। सौरभ ने प्रेम विवाह किया था और वह मर्चेंट नेवी में कार्यरत था।
आरोप है कि उसकी पत्नी मुस्कान रस्तोगी और उसके कथित प्रेमी ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। बाद में शव के टुकड़े कर उसे सीमेंट से भरे एक नीले ड्रम में छिपा दिया गया। जांच के दौरान पुलिस ने ड्रम से शव बरामद किया था, जिसके बाद मामला राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आ गया।
महालक्ष्मी हत्याकांड ने दिलाई पुराने मामलों की याद
बेंगलुरु में सामने आए महालक्ष्मी हत्याकांड ने भी लोगों को झकझोर दिया था। अपने पति से अलग रहने वाली महालक्ष्मी कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ रह रही थी।
जब परिजन लंबे समय तक उससे संपर्क नहीं कर पाए तो तलाश शुरू हुई। बाद में उसका शव फ्लैट में फ्रिज के अंदर टुकड़ों में मिला। घटना की भयावहता ने पूरे देश में सनसनी फैला दी थी।
विशेषज्ञों ने बताए हिंसक व्यवहार के संकेत
वरिष्ठ मनोचिकित्सक डॉ. सुनील अवाना के अनुसार, ऐसे मामलों में कई बार गंभीर व्यवहारिक और मानसिक समस्याएं देखने को मिलती हैं। उनके मुताबिक कुछ आरोपी अत्यधिक आवेग, आक्रामकता या असामाजिक व्यक्तित्व संबंधी विकारों से प्रभावित हो सकते हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि रिश्तों में लगातार झूठ बोलना, अत्यधिक नियंत्रण रखना, हिंसक व्यवहार करना, भावनात्मक दबाव बनाना या दोहरी जिंदगी जीना जैसे संकेतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
रिश्तों में इन संकेतों को समझना जरूरी
विशेषज्ञों के अनुसार, एक स्वस्थ रिश्ते में पारदर्शिता, सम्मान, संवाद और स्वतंत्रता महत्वपूर्ण होती है। वहीं बार-बार झूठ बोलना, हर गतिविधि पर नजर रखना, परिवार और दोस्तों से दूरी बनाने की कोशिश करना, गुस्से में अपमानजनक व्यवहार करना और रिश्ते को लेकर अत्यधिक दबाव बनाना चेतावनी के संकेत माने जा सकते हैं।
शादी से पहले जांच और काउंसिलिंग की सलाह
मनोचिकित्सकों का मानना है कि शादी से पहले केवल भावनात्मक जुड़ाव ही पर्याप्त नहीं होता। व्यक्ति के स्वभाव, व्यवहार, मानसिक स्थिति, आर्थिक जिम्मेदारियों और जीवनशैली को समझना भी जरूरी है।
विशेषज्ञ प्री-मैरिटल काउंसिलिंग और जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य संबंधी जांच कराने की सलाह देते हैं, ताकि भविष्य में संभावित विवादों और चुनौतियों को पहले ही समझा जा सके।
Navyug Samachar