
मनोरंजन डेस्क: सिनेमाघरों में रिलीज होते ही एक्शन फिल्म ‘Alpha’ ने बॉक्स ऑफिस पर रफ्तार पकड़ ली है। पहले दिन की अच्छी शुरुआत के बाद शनिवार को फिल्म की कमाई में और उछाल देखने को मिला। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिलने से फिल्म ने दूसरे दिन भी मजबूत प्रदर्शन किया है।
रिलीज के पहले दिन फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 9.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। अब शुरुआती कारोबार के अनुसार, शनिवार को फिल्म ने करीब 8.67 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की है। इस तरह दो दिनों में फिल्म का प्रदर्शन स्थिर बना हुआ है।
दो दिन में 17 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई
शुक्रवार और शनिवार की कमाई को मिलाकर फिल्म का कुल घरेलू नेट कलेक्शन 17.92 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। वहीं, घरेलू ग्रॉस कलेक्शन लगभग 21.33 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है। शुरुआती दो दिनों के आंकड़े बताते हैं कि फिल्म को दर्शकों का लगातार समर्थन मिल रहा है।
विदेशों में भी मिल रहा अच्छा रिस्पॉन्स
फिल्म सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि विदेशी बाजारों में भी अच्छी कमाई कर रही है। पहले दिन दुनियाभर में फिल्म ने करीब 16.10 करोड़ रुपये के साथ अपनी शुरुआत की। वहीं, ओवरसीज मार्केट से लगभग 5 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया गया।
आलोचनाओं के बावजूद दर्शकों का साथ
फिल्म को समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है, लेकिन इसका असर दर्शकों की संख्या पर ज्यादा दिखाई नहीं दिया। खासकर एक्शन और स्पाई थ्रिलर शैली पसंद करने वाले दर्शकों के बीच फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। दूसरे दिन की कमाई ने यह संकेत दिया है कि शुरुआती सप्ताहांत में फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए रखने में सफल रही है।
Navyug Samachar