Monday , 5 October 2026

डेढ़ साल के मासूम आरव की हत्या पर ऐतिहासिक फैसला, 40 दिन में दोषी को फांसी की सजा; कोर्ट में सुनते ही बौखलाया आरोपी

फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में डेढ़ साल के मासूम आरव की हत्या के मामले में जिला एवं सत्र अदालत ने ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए मुख्य आरोपी विराज उर्फ जितेंद्र पाठक को फांसी की सजा सुनाई है। अदालत ने सुनवाई पूरी होने के बाद आरोपी को दोषी करार देते हुए मृत्युदंड का आदेश दिया। फैसला सुनते ही आरोपी कोर्ट में बौखला गया और खुद को थप्पड़ मारने लगा।

40 दिन में आया फैसला

यह मामला अपनी तेज सुनवाई के कारण भी चर्चा में रहा। पुलिस ने घटना के छह दिन के भीतर चार्जशीट दाखिल कर दी थी। इसके बाद अदालत ने तेजी से सुनवाई पूरी करते हुए वारदात के करीब 40 दिन के भीतर फैसला सुना दिया।

सरकारी अधिवक्ता राजीव प्रियदर्शी के अनुसार, यह घटना 30 मई को फिरोजाबाद के शिकोहाबाद क्षेत्र स्थित यादव कॉलोनी में हुई थी। आरोप है कि बदायूं निवासी विराज उर्फ जितेंद्र पाठक ने डेढ़ साल के मासूम आरव को जमीन पर पटककर उसकी हत्या कर दी थी।

भारी सुरक्षा के बीच सुनाया गया फैसला

मामले की अंतिम सुनवाई गुरुवार को पूरी हुई थी, जिसमें अदालत ने आरोपी को दोषी माना था। इसके बाद शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आरोपी को जिला एवं सत्र न्यायालय में पेश किया गया।

अदालत ने प्रस्तुत साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपी को मृत्युदंड की सजा सुनाई। फैसले के दौरान अदालत परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

6 दिन में चार्जशीट, 13 गवाहों ने दी गवाही

अभियोजन पक्ष के अनुसार, फिरोजाबाद पुलिस ने मामले की जांच तेजी से पूरी करते हुए महज छह दिन में चार्जशीट दाखिल कर दी थी। अदालत में अभियोजन पक्ष की ओर से 13 गवाह पेश किए गए, जिनके बयानों को सुनवाई के दौरान महत्वपूर्ण माना गया। वहीं बचाव पक्ष ने अपनी ओर से एक गवाह प्रस्तुत किया।

फैसला सुनते ही कोर्ट में करने लगा यह हरकत

सरकारी अधिवक्ता के मुताबिक, जैसे ही अदालत ने फांसी की सजा सुनाई, आरोपी विराज बौखला गया और कोर्ट कक्ष में खुद को थप्पड़ मारने लगा। स्थिति को देखते हुए वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उसे अपने नियंत्रण में ले लिया।

 

Check Also

प्रेमानंद महाराज की सुरक्षा पर उठे सवाल, Z+ सिक्योरिटी की मांग; आश्रम में गुटबाजी और बच्चों के गायब होने के आरोपों की जांच की मांग

यूपी डेस्क: वृंदावन के संत प्रेमानंद महाराज से जुड़े राधा केलि कुंज आश्रम को लेकर …