
यूपी डेस्क: मुख्यमंत्री ने बांदा दौरे के दौरान जनसभा स्थल पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया। इस दौरान दो महिलाओं को आंगनबाड़ी सहायिका पद के नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित कई योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, चाबी, स्वीकृति पत्र और प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बांदा की विकास यात्रा पर आधारित लघु फिल्म का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया और महिलाओं को पोषण से भरपूर पोटली भी वितरित की। इसके अलावा विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का निरीक्षण करते हुए युवाओं से संवाद किया।
स्कूल चलो अभियान की ली जानकारी, बच्चों का बढ़ाया उत्साह
मुख्यमंत्री ने बेसिक शिक्षा परिषद के स्टॉल पर पहुंचकर स्कूल चलो अभियान की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बच्चों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न मॉडलों का अवलोकन किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए चॉकलेट भी वितरित की।
कार्यक्रम के अंत में स्थानीय प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री को शजर पत्थर से निर्मित शिवालय स्मृति स्वरूप भेंट किया गया।
इन लाभार्थियों को मिला मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान
- पुष्पा देवी और पूजा को आंगनबाड़ी सहायिका पद के नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
- रश्मि अग्रवाल और अजीत सिंह को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत सम्मानित किया गया।
- मंजू देवी और भारती सिंह को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 8.95 करोड़ रुपये से अधिक का चेक प्रदान किया गया।
- सरोज देवी को ई-रिक्शा की चाबी और सुमत देवी को सिलाई मशीन सौंपी गई।
- अनिल कुमार को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत 5 लाख रुपये का चेक दिया गया।
- मूरतध्वज को ट्रैक्टर की चाबी प्रदान की गई।
- मुलायम और अरविंद कुमार को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए।
- गेनिया को मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 5 लाख रुपये का चेक सौंपा गया।
- अभिषेक सोनी को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत 7,500 रुपये का चेक दिया गया।
- अंशु को मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का स्वीकृति पत्र तथा रमेश प्रजापति को आवास की चाबी प्रदान की गई।
- रामरतन को मुख्यमंत्री माटी कला टूल किट योजना के अंतर्गत विद्युत चालित चाक का प्रमाण पत्र दिया गया।
- वंदना गुप्ता को नंदिनी कृषक समृद्धि योजना का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
- शोभाराम कश्यप को पक्षी संरक्षण कार्य के लिए आपदा विभाग की ओर से प्रशस्ति प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
Navyug Samachar