ऑटो डेस्क: किआ इंडिया ने अपनी नई एसयूवी को लेकर बड़ा संकेत दिया है। कंपनी ने एक नया टीजर जारी किया है, जिसने भारतीय बाजार में Kia Sorento की लॉन्चिंग की चर्चाओं को तेज कर दिया है। हालांकि कंपनी ने अभी तक मॉडल के नाम या लॉन्च तारीख की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन टीजर में इटली के सोरेंटो शहर की झलक दिखाई गई है, जिसे इस एसयूवी की ओर इशारा माना जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ डीलरशिप्स पर इसकी अनाधिकारिक बुकिंग भी शुरू हो चुकी है।
हाइब्रिड इंजन के साथ आ सकती है नई Sorento
रिपोर्ट्स के अनुसार, Kia Sorento भारत में कंपनी की फ्लैगशिप इंटरनल कंबशन इंजन (ICE) एसयूवी हो सकती है। इसमें 1.6 लीटर टर्बो पेट्रोल स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन मिलने की संभावना है, जो 238 हॉर्सपावर और 380 एनएम का टॉर्क जनरेट कर सकता है। हाइब्रिड तकनीक के कारण यह एसयूवी बेहतर माइलेज देने में सक्षम हो सकती है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में यह मॉडल 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ उपलब्ध है। साथ ही इसमें फ्रंट-व्हील ड्राइव और ऑल-व्हील ड्राइव दोनों विकल्प मिलते हैं। भारत में कौन-सा ड्राइव कॉन्फिगरेशन मिलेगा, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
6 या 7-सीटर लेआउट में मिल सकती है SUV
रिपोर्ट्स के मुताबिक, Kia Sorento को 6 और 7-सीटर कॉन्फिगरेशन में पेश किया जा सकता है। यदि ऐसा होता है तो यह अपने सेगमेंट में फैक्ट्री-फिटेड थ्री-रो सीटिंग लेआउट के साथ आने वाले प्रमुख विकल्पों में शामिल होगी।
इस एसयूवी को कई बार भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान भी देखा जा चुका है। इसकी लंबाई 4,815 मिमी, चौड़ाई 1,900 मिमी, ऊंचाई 1,700 मिमी और व्हीलबेस 2,815 मिमी बताया जा रहा है।
डिजाइन और फीचर्स होंगे प्रीमियम
नई Kia Sorento में कंपनी की सिग्नेचर टाइगर-नोज ग्रिल, वर्टिकल एलईडी लाइटिंग एलिमेंट्स, रूफ रेल्स, क्रोम विंडो सराउंड और 19 इंच के डुअल-टोन अलॉय व्हील मिलने की संभावना है।
केबिन में 12.3 इंच की बड़ी स्क्रीन मिलने की उम्मीद है, जो डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम के रूप में काम करेगी। इसके अलावा पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, पावर्ड ड्राइवर सीट, 360 डिग्री कैमरा, वायरलेस कनेक्टिविटी और लेवल-2 एडीएएस जैसे एडवांस फीचर्स भी दिए जा सकते हैं।
इन SUVs से होगा मुकाबला
भारतीय बाजार में लॉन्च होने के बाद Kia Sorento का मुकाबला स्कोडा कोडियाक, फॉक्सवैगन टेरॉन और टोयोटा फॉर्च्यूनर जैसी प्रीमियम एसयूवी से होने की संभावना है। हालांकि कंपनी ने अभी तक कीमत और लॉन्च टाइमलाइन का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है।
Navyug Samachar
