Sunday , 9 August 2026

डेटिंग ऐप से शुरू हुई मोहब्बत बनी जीवनभर का साथ! अंशुला कपूर और रोहन ठक्कर ने लिए सात फेरे, शादी की तस्वीरें हुईं वायरल

मनोरंजन डेस्क: फिल्म निर्माता बोनी कपूर की बेटी अंशुला कपूर ने अपने लंबे समय के बॉयफ्रेंड रोहन ठक्कर के साथ हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली है। मुंबई के ताज लैंड्स में आयोजित निजी समारोह में परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में दोनों ने सात फेरे लेकर अपने रिश्ते को नया नाम दिया। शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

इस हाई-प्रोफाइल शादी में कपूर परिवार के कई सदस्य शामिल हुए। समारोह में अनिल कपूर, संजय कपूर, सोनम कपूर समेत परिवार के अन्य करीबी सदस्य मौजूद रहे। शादी को निजी रखा गया, जिसमें केवल चुनिंदा मेहमानों को आमंत्रित किया गया था।

आज होगा ग्रैंड रिसेप्शन

शादी के बाद मंगलवार शाम अंशुला कपूर और रोहन ठक्कर का भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में फिल्म इंडस्ट्री की कई नामी हस्तियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। इससे पहले प्री-वेडिंग समारोह की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में रही थीं।

बहन की शादी में भावुक दिखा कपूर परिवार

अंशुला कपूर की शादी में उनके भाई अर्जुन कपूर के साथ जान्हवी कपूर और खुशी कपूर भी पूरे उत्साह के साथ नजर आईं। जान्हवी और खुशी ने ब्राइड्समेड की जिम्मेदारी निभाई और शादी की हर रस्म में अंशुला के साथ रहीं। मांग में सिंदूर भरने की रस्म के दौरान भी दोनों बहनें अंशुला के बिल्कुल साथ दिखाई दीं।

मंडप में रही दिवंगत मां की तस्वीर

शादी समारोह के दौरान मंडप में अंशुला कपूर की दिवंगत मां मोना कपूर की तस्वीर भी रखी गई थी। यह पल परिवार के लिए बेहद भावुक रहा। गौरतलब है कि बोनी कपूर की पहली पत्नी और अर्जुन कपूर की मां मोना कपूर का कुछ वर्ष पहले निधन हो गया था।

डेटिंग ऐप से शुरू हुई थी दोनों की लव स्टोरी

अंशुला कपूर और रोहन ठक्कर की मुलाकात वर्ष 2022 में एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। समय के साथ दोनों की दोस्ती प्यार में बदली और अब यह रिश्ता शादी तक पहुंच गया। रोहन ठक्कर पेशे से स्क्रीन राइटर हैं और करण जौहर की कंपनी धर्माटिक एंटरटेनमेंट में कार्यरत हैं।

 

Check Also

15 अगस्त पर रिलीज हुईं इन 5 फिल्मों ने रचा था इतिहास, बॉक्स ऑफिस पर हुई रिकॉर्डतोड़ कमाई

मनोरंजन डेस्क: स्वतंत्रता दिवस का लंबा अवकाश सिर्फ देशभर में जश्न का मौका ही नहीं …