
ऑटो डेस्क: भारतीय ऑटो बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों की रफ्तार तेज होती जा रही है और इसी बीच महिंद्रा अपनी नई इलेक्ट्रिक SUV को लॉन्च करने की तैयारी में जुट गई है। कंपनी की यह अपकमिंग SUV BE.07 (जिसे BE7 के नाम से लॉन्च किए जाने की उम्मीद है) को लेकर लगातार नए खुलासे सामने आ रहे हैं। हाल ही में इसकी टेस्टिंग के दौरान कई अहम फीचर्स की झलक देखने को मिली है।
BE.07 कॉन्सेप्ट से तैयार हो रहा नया मॉडल
महिंद्रा ने इस SUV को पहले BE.07 कॉन्सेप्ट के रूप में पेश किया था, जिसे अब प्रोडक्शन वर्जन में BE7 नाम से बाजार में उतारा जा सकता है। इसे BE6 से ऊपर पोजिशन किया जाएगा। टेस्टिंग मॉडल्स में इसका साइज BE6 की तुलना में थोड़ा बड़ा बताया जा रहा है, जिससे इसका रोड प्रजेंस और ज्यादा दमदार नजर आता है।
फ्रेमलेस डोर बना सबसे बड़ा आकर्षण
टेस्टिंग के दौरान सामने आए मॉडल में सबसे खास बात इसके फ्रेमलेस दरवाजे हैं। यह फीचर इसे भारतीय बाजार में एक अलग पहचान दे सकता है। माना जा रहा है कि यह भारत की पहली मेनस्ट्रीम SUV होगी जिसमें फ्रेमलेस डोर डिजाइन दिया जाएगा। इससे पहले यह फीचर आमतौर पर महंगी लक्जरी कारों में ही देखने को मिलता है।
मस्कुलर डिजाइन और एडवांस फीचर्स
डिजाइन की बात करें तो इसमें बॉक्सी और मस्कुलर लुक देखने को मिलेगा। फ्लश ऑटो पॉप-आउट डोर हैंडल्स, बड़े व्हील आर्च क्लैडिंग, मजबूत बॉडी क्रीज और स्पॉइलर के साथ रियर वाइपर जैसे फीचर्स इसे एक प्रीमियम इलेक्ट्रिक SUV का लुक देते हैं। हालांकि, टेस्ट म्यूल में अभी हेडलाइट्स को फाइनल नहीं किया गया है।
बैटरी और लंबी रेंज का दावा
महिंद्रा की इस इलेक्ट्रिक SUV में 59 kWh और 79 kWh बैटरी पैक के विकल्प मिलने की संभावना है। कंपनी की ओर से दावा किया जा रहा है कि यह SUV एक बार फुल चार्ज होने पर लगभग 600 किलोमीटर तक की रेंज देने में सक्षम होगी, जबकि रियल वर्ल्ड में यह करीब 500 किलोमीटर तक चल सकती है।
अगस्त 2026 में लॉन्च की संभावना
सूत्रों के मुताबिक, महिंद्रा BE7 को अगस्त 2026 में भारतीय बाजार में लॉन्च किया जा सकता है। लॉन्च के बाद यह SUV इलेक्ट्रिक सेगमेंट में महिंद्रा की मौजूदगी को और मजबूत करेगी और टाटा समेत अन्य कंपनियों को कड़ी टक्कर दे सकती है।
Navyug Samachar