Monday , 5 October 2026

1 रुपये में 1KM चलेगी, 7 सीट और 500KM से ज्यादा रेंज! आ रही मारुति की नई इलेक्ट्रिक MPV

ऑटो डेस्क: मारुति सुजुकी इलेक्ट्रिक कार बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी में है। कंपनी एक नई 7-सीटर इलेक्ट्रिक एमपीवी पर काम कर रही है, जो अर्टिगा वाले सेगमेंट में उतारी जा सकती है। इस आगामी मॉडल का कोडनेम वाईएमसी (YMC) बताया जा रहा है। पिछले कुछ दिनों में इसे कई बार परीक्षण के दौरान देखा गया है, जिससे इसके डिजाइन और आकार को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आई हैं।

अर्टिगा के सेगमेंट में आएगी नई इलेक्ट्रिक कार

मारुति सुजुकी की यह नई कार तीन कतार वाली एमपीवी हो सकती है। परीक्षण के दौरान नजर आई कार में बॉक्सी डिजाइन, लंबा व्हीलबेस, ऊंची छत और पर्याप्त ग्लास एरिया दिखाई दिया है। इसकी लंबाई करीब 4.5 मीटर होने की संभावना है। पीछे का हिस्सा अपेक्षाकृत सीधा रखा गया है, जबकि वर्टिकल टेललैंप दिए जा सकते हैं। सामने की तरफ बंद ग्रिल वाला डिजाइन देखने को मिल सकता है।

इस इलेक्ट्रिक एमपीवी के कई डिजाइन और तकनीकी हिस्से मारुति सुजुकी ई-विटारा से मिलते-जुलते हो सकते हैं। ई-विटारा के बाद यह कंपनी की दूसरी इलेक्ट्रिक कार हो सकती है और इसे खास तौर पर परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बाजार में उतारा जा सकता है।

500 किलोमीटर से ज्यादा की रेंज का दावा संभव

वाईएमसी में 49 किलोवाट-घंटे और 61 किलोवाट-घंटे की बैटरी के विकल्प मिलने की संभावना है। बड़ी बैटरी के साथ यह इलेक्ट्रिक एमपीवी एक बार पूरी तरह चार्ज होने पर 500 किलोमीटर से ज्यादा की रेंज देने का दावा कर सकती है।

कार को हार्टेक ई प्लेटफॉर्म पर तैयार किया जाएगा। इसमें डीसी फास्ट चार्जिंग की सुविधा भी मिलने की उम्मीद है। लंबी दूरी और सात सीटों के साथ यह मॉडल मारुति के इलेक्ट्रिक वाहन पोर्टफोलियो में एक अहम भूमिका निभा सकता है।

घर पर चार्ज करने का खर्च 500 से 700 रुपये तक

61 किलोवाट-घंटे की बैटरी वाले मॉडल को घर पर पूरी तरह चार्ज करने में करीब 500 से 700 रुपये का खर्च आ सकता है। वहीं, सार्वजनिक एसी चार्जर से चार्जिंग की लागत 800 रुपये से अधिक हो सकती है। डीसी फास्ट चार्जर पर यही खर्च करीब 1,500 रुपये तक पहुंच सकता है।

अगर बड़ी बैटरी वाला मॉडल 500 किलोमीटर से ज्यादा की रेंज देता है, तो घर पर चार्जिंग के हिसाब से प्रति किलोमीटर लागत करीब 1 रुपये या उससे कुछ अधिक बैठ सकती है।

टोयोटा के नाम से भी आ सकती है कार

मारुति सुजुकी की इस इलेक्ट्रिक एमपीवी का टोयोटा संस्करण भी बाजार में देखने को मिल सकता है। जिस तरह ई-विटारा को टोयोटा ने अर्बन क्रूजर इबेला नाम से पेश किया है, उसी तरह वाईएमसी को भी टोयोटा अलग नाम और पहचान के साथ उतार सकती है।

इस आगामी 7-सीटर इलेक्ट्रिक एमपीवी का उत्पादन मारुति सुजुकी की गुजरात स्थित उत्पादन इकाई में किया जाएगा। कंपनी इसे भारत के साथ-साथ विदेशी बाजारों में भी भेज सकती है।

अगले साल हो सकती है लॉन्च, कैरेंस क्लैविस ईवी से मुकाबला

मारुति सुजुकी की यह इलेक्ट्रिक एमपीवी अगले साल बाजार में दस्तक दे सकती है। इसका सीधा मुकाबला किआ कैरेंस क्लैविस ईवी से होने की संभावना है। कीमत के मामले में मारुति इसे कैरेंस क्लैविस ईवी से कम रखने की कोशिश कर सकती है, जिससे इलेक्ट्रिक एमपीवी बाजार में इसे शुरुआती बढ़त मिल सकती है।

एमपीवी बाजार में मारुति सुजुकी की पहले से मजबूत मौजूदगी है। अर्टिगा की लोकप्रियता के चलते कंपनी की इस श्रेणी में करीब आधे बाजार पर पकड़ बताई जाती है। फिलहाल कंपनी अर्टिगा और एक्सएल6 को पेट्रोल और सीएनजी विकल्पों में बेचती है। ऐसे में नई इलेक्ट्रिक एमपीवी की एंट्री से कंपनी के इलेक्ट्रिक पोर्टफोलियो में परिवारों के लिए एक नया विकल्प जुड़ सकता है।

 

Check Also

UPI Update 2026: 15 अक्टूबर से बदल जाएगा पेमेंट का नियम! 2,000 रुपये से ज्यादा के UPI भुगतान पर लगेगा 0.4% MDR? समझें पूरा मामला

बिजनेस डेस्क: यूपीआई से भुगतान करने वालों के लिए 15 अक्टूबर 2026 की तारीख अहम …