Monday , 7 September 2026

PM किसान योजना पर मोदी सरकार का बड़ा फैसला! 2031 तक मिलते रहेंगे ₹6,000, जानिए 24वीं किस्त कब आ सकती है

नेशनल डेस्क: देश के करोड़ों किसानों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। केंद्रीय कैबिनेट ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना को अगले पांच वर्षों तक जारी रखने की मंजूरी दे दी है। अब वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक पात्र किसानों को पहले की तरह हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता मिलती रहेगी। इसके साथ ही किसानों के बीच 24वीं किस्त को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।

सरकार ने इस योजना को जारी रखने के लिए 3.15 लाख करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी है। सरकार का कहना है कि इससे किसानों को खेती से जुड़े जरूरी खर्चों में मदद मिलेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

2031 तक जारी रहेगी पीएम किसान योजना

केंद्रीय कैबिनेट के फैसले के बाद प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अगले पांच वर्षों तक लागू रहेगी। सरकार के अनुसार, योजना के विस्तार का उद्देश्य किसानों को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना और खेती की लागत को पूरा करने में सहयोग देना है।

हर साल मिलते हैं 6,000 रुपये

पीएम किसान योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को हर वर्ष 6,000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाती है। यह राशि 2,000 रुपये की तीन समान किस्तों में सीधे आधार से जुड़े बैंक खाते में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से भेजी जाती है।

सरकार के मुताबिक, किस्तों का समय फसल चक्र को ध्यान में रखकर तय किया जाता है, ताकि किसानों को बुवाई, बीज, खाद, सिंचाई और अन्य कृषि कार्यों के दौरान आर्थिक सहायता मिल सके।

23 किस्तों में किसानों के खातों में पहुंच चुके हैं 4.47 लाख करोड़ रुपये

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, योजना के तहत अब तक 23 किस्तों में किसानों के बैंक खातों में 4.47 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे हस्तांतरित की जा चुकी है।

23वीं किस्त के तहत 9.49 करोड़ से अधिक किसानों को 18,984 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि मिली। वहीं, कोविड-19 महामारी के दौरान भी इसी योजना के माध्यम से किसानों को 1.71 लाख करोड़ रुपये से अधिक की सहायता प्रदान की गई।

महिला किसानों को भी मिला बड़ा लाभ

सरकार के अनुसार, पीएम किसान योजना का लाभ बड़ी संख्या में महिला किसानों को भी मिला है। अब तक महिला लाभार्थियों के खातों में 1.06 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी जा चुकी है। योजना के प्रत्येक चार लाभार्थियों में लगभग एक महिला किसान शामिल है।

योजना से किसानों को कैसे मिला फायदा?

सरकार का कहना है कि इस योजना से किसानों को समय पर खेती के लिए आवश्यक धन उपलब्ध हो रहा है। इससे वे बीज, खाद, सिंचाई, कृषि उपकरण और अन्य जरूरी कृषि कार्यों पर समय पर निवेश कर पा रहे हैं।

नीति आयोग के डेवलपमेंट मॉनिटरिंग एंड इवैल्यूएशन ऑफिस (डीएमईओ) के आकलन के अनुसार, 92 प्रतिशत से अधिक किसानों ने बताया कि उन्होंने इस राशि का उपयोग खेती और कृषि निवेश में किया। वहीं करीब 85 प्रतिशत किसानों ने माना कि उनकी कृषि आय में सुधार हुआ है और अनौपचारिक कर्ज पर निर्भरता पहले की तुलना में कम हुई है।

24वीं किस्त को लेकर क्या है अपडेट?

फिलहाल केंद्र सरकार ने पीएम किसान योजना की 24वीं किस्त जारी करने की आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है। हालांकि, पिछली किस्तों के पैटर्न को देखते हुए संभावना जताई जा रही है कि 24वीं किस्त अक्टूबर 2026 में जारी हो सकती है। यदि चार महीने का मौजूदा अंतराल बरकरार रहता है तो पात्र किसानों के बैंक खातों में 2,000 रुपये की अगली किस्त अक्टूबर के दौरान भेजी जा सकती है। हालांकि, अंतिम तारीख सरकार की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगी।

 

Check Also

पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनप्रीत सिंह गोनी और इंटरनेशनल गोल्ड मेडलिस्ट कुनार आप में शामिल, सीएम मान ने किया स्वागत

पंजाब डेस्क: पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनप्रीत सिंह गोनी और इंटरनेशनल गोल्ड मेडलिस्ट एथलीट कुनार बुधवार …