
यूपी डेस्क : उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार स्लीपर बस और कार की टक्कर के बाद मची चीख-पुकार में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए खंती में पलट गई, जिससे उसमें सवार यात्रियों में भी अफरा-तफरी मच गई।
यह दुर्घटना आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर 230.800 माइल स्टोन के पास सुबह करीब पांच बजे हुई। जानकारी के अनुसार, संतकबीरनगर पंजीकरण संख्या वाली कार में कुल आठ लोग सवार थे। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में इन लोगों की गई जान
मृतकों की पहचान दिव्या (13), अमृता (5), अंजू (40), धुनमुन (60) और कार चालक विनोद (45) के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
कार में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल
कार में मौजूद तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
डिवाइडर तोड़कर खंती में पलटी बस
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार स्लीपर बस ने पहले कार को टक्कर मारी। टक्कर के बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन डिवाइडर की ग्रिल तोड़ते हुए खंती में जा गिरा। बस के पलटते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया।
बस में सवार 17 से अधिक यात्री भी हुए चोटिल
हादसे के समय बस में करीब 85 यात्री सवार थे। बस के पलटने से 17 से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई और कई यात्रियों का मौके पर ही प्राथमिक उपचार किया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाया गया। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया है। प्रशासन घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था कराने में जुटा हुआ है।
Navyug Samachar