
यूपी डेस्क: माफिया अतीक अहमद के परिवार पर एक बार फिर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की गुरुवार को झांसी में हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वह अपने भाई अली अहमद से मिलने झांसी जिला जेल जा रहा था। दुर्घटना में अबान और उसके दोस्त सोनू की मौके पर ही जान चली गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और शुरुआती जांच में कई अहम तथ्य सामने आए हैं।
कैसे हुआ भीषण सड़क हादसा?
पुलिस के अनुसार यह हादसा झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में हुआ। अबान अहमद जिस सफेद हुंडई क्रेटा एसयूवी में सवार था, वह अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रारंभिक जांच के अनुसार तेज रफ्तार हादसे की प्रमुख वजह मानी जा रही है। इसके अलावा लगातार बारिश के कारण सड़क फिसलन भरी थी, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे डिवाइडर से जा टकराई।
घटनास्थल पर नहीं थे सीसीटीवी कैमरे
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना ग्रामीण क्षेत्र में हुई, जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस अब उपलब्ध अन्य साक्ष्यों के आधार पर दुर्घटना की जांच आगे बढ़ा रही है।
घायल ने बताया हादसे का मंजर
दुर्घटना में घायल मोहम्मद उमर ने पुलिस को बताया कि कार अचानक संतुलन खो बैठी और डिवाइडर से टकरा गई। उनके मुताबिक टक्कर के बाद उन्हें कुछ याद नहीं रहा और होश आने पर वह खुद को सड़क पर पड़ा हुआ पाया।
वाहन के रिकॉर्ड ने भी खड़े किए सवाल
पुलिस जांच में सामने आया है कि दुर्घटनाग्रस्त एसयूवी मोहम्मद जायद के नाम पर पंजीकृत है। रिकॉर्ड के अनुसार इस वाहन पर पहले से कई ओवरस्पीडिंग चालान दर्ज हैं। इसके अलावा पार्किंग नियमों के उल्लंघन और बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने से जुड़े चालान भी मिले हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था।
भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था अबान
पुलिस के अनुसार अबान अहमद अपने भाई अली अहमद से मिलने झांसी जिला जेल जा रहा था। अली अहमद रंगदारी और उमेश पाल हत्याकांड से जुड़े मामलों में जेल में बंद है।
घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे अबान के भाई अहजम ने मीडिया से कहा कि उनकी सिर्फ यही इच्छा है कि भाइयों को मिट्टी में जाने दिया जाए।
तीन साल में परिवार पर लगातार आईं बड़ी विपत्तियां
पिछले तीन वर्षों के दौरान अतीक अहमद के परिवार पर लगातार गंभीर घटनाएं हुई हैं। बड़ा बेटा उमर अहमद वर्ष 2022 से लखनऊ जेल में बंद है। दूसरा बेटा अली अहमद झांसी जेल में निरुद्ध है। तीसरे बेटे असद अहमद की अप्रैल 2023 में यूपी एसटीएफ के एनकाउंटर में मौत हो गई थी। इसके बाद 15 अप्रैल 2023 को प्रयागराज में पुलिस अभिरक्षा के दौरान अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिवार की महिला सदस्य शाइस्ता परवीन उमेश पाल हत्याकांड में वांछित हैं और अब भी फरार हैं। अब सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद परिवार पर एक और बड़ा संकट आ गया है।
जांच के बाद साफ होगी हादसे की असली वजह
पुलिस का कहना है कि फिलहाल दुर्घटना के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, वाहन की तकनीकी जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट की जाएगी।
Navyug Samachar