यूपी डेस्क: सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली के जंतर-मंतर से हटाकर अस्पताल ले जाए जाने के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव ने इस कार्रवाई को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण विरोध को दबाना लोकतंत्र और संविधान के खिलाफ है।
डिंपल यादव ने साधा भाजपा पर निशाना
डिंपल यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि सोनम वांगचुक को जबरन हटाना सिर्फ एक प्रशासनिक कार्रवाई नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान को प्रभावित करने वाला कदम है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार शांतिपूर्ण विरोध को भी स्वीकार नहीं कर रही है।
एक अन्य पोस्ट में डिंपल यादव ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जब शांतिपूर्ण आवाजों को दबाया जाता है तो संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों को नुकसान पहुंचता है। उन्होंने सोनम वांगचुक की आवाज दबाने को देश की भावना से जोड़ते हुए सरकार पर सवाल उठाए।
समाजवादी पार्टी ने बताया काला दिन
समाजवादी पार्टी ने भी इस मामले को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला। पार्टी ने सोशल मीडिया पोस्ट में सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाए जाने को शर्मनाक बताते हुए इसे लोकतंत्र की हत्या करार दिया।
सपा ने आरोप लगाया कि सरकार विरोध की आवाजों को दबाने का काम कर रही है और जनता इस पूरे घटनाक्रम को देख रही है।
पुलिस ने हाईकोर्ट के आदेश का दिया हवाला
दिल्ली पुलिस ने सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने की कार्रवाई पर सफाई देते हुए कहा कि यह कदम दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश और चिकित्सकीय सलाह के आधार पर उठाया गया। पुलिस के मुताबिक, वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उन्हें आवश्यक चिकित्सा देखभाल के लिए सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने यह भी कहा कि जंतर-मंतर पर मौजूद प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन स्थल खाली करने की अपील की गई है।
21 दिन की भूख हड़ताल के बाद अस्पताल पहुंचे वांगचुक
सोनम वांगचुक पिछले 21 दिनों से जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे थे। शनिवार को दिल्ली पुलिस उन्हें वहां से लेकर सफदरजंग अस्पताल पहुंची। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी।
अभिजीत दीपके ने भी शुरू की भूख हड़ताल
इस घटनाक्रम के बाद कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए समर्थकों से आंदोलन जारी रखने की अपील की और कहा कि यह आंदोलन आगे और बड़ा होगा।
Navyug Samachar
