Sunday , 9 August 2026

BJP बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की सख्त नसीहत! सांसद-विधायकों से बोले- खींचतान छोड़ें, संगठन से तालमेल बढ़ाएं

यूपी डेस्क: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को लखनऊ में आयोजित पार्टी की अहम बैठक में सांसदों और विधायकों को स्पष्ट संदेश दिया कि आपसी खींचतान से बचें और संगठन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करें। उन्होंने कहा कि आंतरिक मतभेद और आपसी टकराव से पार्टी को नुकसान होता है, इसलिए सभी जनप्रतिनिधियों को एकजुट होकर संगठन और सरकार के बीच तालमेल मजबूत करना चाहिए।

गोमतीनगर स्थित एक होटल में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों उपमुख्यमंत्री भी मौजूद रहे। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, आगामी चुनावी रणनीति और जनसंपर्क को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

2027 की तैयारी अभी से शुरू करने का संदेश

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर सभी नेताओं को अभी से मैदान में उतरना होगा। उन्होंने सांसदों, विधायकों और मंत्रियों से कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को हर मतदाता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएं और बूथ स्तर तक सक्रियता बनाए रखें।

संगठन को सर्वोपरि रखने की सलाह

बैठक में नितिन नवीन ने जनप्रतिनिधियों से संगठन के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन के साथ सम्मानजनक तालमेल ही राजनीतिक मजबूती की सबसे बड़ी कुंजी है। यदि जनप्रतिनिधि स्वयं आगे बढ़कर संगठन के साथ काम करेंगे तो उन्हें स्वाभाविक रूप से सम्मान मिलेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से ऊपर पार्टी को प्राथमिकता देनी चाहिए और जातीय खींचतान से दूर रहकर संगठन की एकजुटता बनाए रखनी चाहिए।

राम मंदिर चंदा मामले पर संयम बरतने की सलाह

बैठक में अयोध्या के राम मंदिर चंदा प्रकरण का भी जिक्र हुआ। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने पार्टी नेताओं से ऐसे संवेदनशील मुद्दों पर सार्वजनिक टिप्पणी करते समय संयम बरतने की सलाह दी।

यूजीसी विवाद पर भी दिया संदेश

यूजीसी से जुड़े मुद्दे पर भी नितिन नवीन ने पार्टी नेताओं को अनावश्यक बयानबाजी से बचने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि यदि किसी विषय पर सुधार की आवश्यकता होती है तो उसे समय रहते ठीक किया जाता है, लेकिन ऐसे मामलों को विवाद का रूप देना उचित नहीं है। उन्होंने नेताओं से विपक्ष के सवालों का एकजुट होकर जवाब देने का आह्वान किया।

 

Check Also

अतीक के बेटे अबान के जनाजे में उमड़ी भारी भीड़, बैरिकेडिंग टूटी; लखनऊ जेल से उमर और झांसी से अली भी पहुंचे

यूपी डेस्क: प्रयागराज में शनिवार को माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान के जनाजे के …