नेशनल डेस्क : वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में यात्रा करने वाले यात्रियों को जल्द ही भोजन के मामले में एक नया अनुभव मिलने जा रहा है। रेलवे बोर्ड ने इन ट्रेनों में पारंपरिक थाली व्यवस्था की जगह पूरी तरह ‘रेडी-टू-ईट’ मॉडल लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है। इस नई व्यवस्था के तहत यात्रियों को हल्का, आधुनिक और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
रेलवे की इस पहल का उद्देश्य वंदे भारत स्लीपर को सिर्फ एक ट्रेन नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर पहचान रखने वाले प्रीमियम यात्रा ब्रांड के रूप में स्थापित करना है। इसी सोच के तहत कैटरिंग सेवाओं में बड़े बदलाव की योजना बनाई गई है।
राजधानी एक्सप्रेस से महंगी हो सकती है कैटरिंग सेवा
सूत्रों के अनुसार, वंदे भारत स्लीपर में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता और प्रस्तुति को बेहतर बनाने के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। इसके चलते कैटरिंग शुल्क राजधानी एक्सप्रेस की तुलना में करीब 25 प्रतिशत तक अधिक हो सकता है।
बड़े फूड ब्रांड्स को जोड़ने की तैयारी
रेलवे बोर्ड देश की प्रमुख खाद्य कंपनियों के साथ साझेदारी की दिशा में काम कर रहा है। यात्रियों को भरोसेमंद और उच्च गुणवत्ता वाला भोजन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिष्ठित फूड और एफएमसीजी कंपनियों को इस परियोजना से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। इससे भोजन की गुणवत्ता, पैकेजिंग और विविधता में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
सेलिब्रिटी शेफ तैयार कर रहे हैं खास मेन्यू
यात्रियों को बेहतर खानपान अनुभव देने के लिए देश के प्रसिद्ध शेफ विशेष मेन्यू तैयार कर रहे हैं। इस मेन्यू में स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए हल्के और पौष्टिक विकल्प शामिल किए जाएंगे। बाजरा आधारित सूप, सलाद और भारतीय तथा कॉन्टिनेंटल व्यंजनों का फ्यूजन इसमें प्रमुख रूप से शामिल हो सकता है।
हाई-स्पीड यात्रा में भी सुरक्षित रहेगा भोजन
नई कैटरिंग व्यवस्था के तहत भोजन को वैक्यूम-सील्ड पैकेजिंग में परोसा जाएगा। पैकेजिंग को अंतरराष्ट्रीय स्वच्छता मानकों के अनुरूप तैयार किया जाएगा ताकि तेज रफ्तार में सफर के दौरान भी सूप, दाल या अन्य तरल खाद्य पदार्थ बाहर न छलकें। इससे यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और स्वच्छ भोजन अनुभव मिलने की उम्मीद है।
अभी अंतिम मंजूरी का इंतजार
हालांकि रेलवे बोर्ड ने इस दिशा में तैयारी तेज कर दी है, लेकिन पूरे प्रस्ताव पर अभी अंतिम स्वीकृति मिलना बाकी है। मंजूरी मिलने के बाद वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में यह नई कैटरिंग व्यवस्था लागू की जा सकती है।
Navyug Samachar
