लाइफस्टाइल डेस्क : बारिश का मौसम राहत लेकर आता है, लेकिन इसी मौसम में लोग एक बड़ी गलती कर बैठते हैं। गर्मियों में जहां अधिकांश लोग पर्याप्त मात्रा में पानी और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करते हैं, वहीं मानसून शुरू होते ही पानी पीने की आदत में लापरवाही बरतने लगते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार यही लापरवाही शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन की वजह बन सकती है, जिससे कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं पैदा होने का खतरा बढ़ जाता है।
शरीर के लिए क्यों जरूरी है पर्याप्त पानी?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक मानव शरीर का बड़ा हिस्सा पानी से बना होता है। एक अध्ययन के अनुसार शरीर में लगभग 70 प्रतिशत तक जल मौजूद होता है। मस्तिष्क में करीब 85 प्रतिशत, रक्त में लगभग 75 प्रतिशत और फेफड़ों में 80 प्रतिशत तक पानी पाया जाता है। यही वजह है कि शरीर के सामान्य कार्यों को सुचारू रूप से चलाने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन बेहद जरूरी माना जाता है।
कुछ रिपोर्टों में यह भी बताया गया है कि व्यक्ति भोजन के बिना कई दिनों तक जीवित रह सकता है, लेकिन पानी की कमी शरीर के लिए गंभीर स्थिति पैदा कर सकती है।
बारिश में भी शरीर को हाइड्रेट रखना जरूरी
पोषण विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून के दौरान भी शरीर को हाइड्रेटेड रखना उतना ही जरूरी है जितना गर्मियों में। बारिश के मौसम में वातावरण में नमी अधिक होने के कारण शरीर लगातार पसीना छोड़ता रहता है, जिससे पानी की कमी हो सकती है। हालांकि मौसम ठंडा होने की वजह से लोगों को प्यास कम लगती है और वे पानी पीना कम कर देते हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार शरीर का अधिकांश हिस्सा पानी से बना होने के बावजूद लोग अक्सर इस सबसे महत्वपूर्ण पोषक तत्व की जरूरत को नजरअंदाज कर देते हैं।
डिहाइड्रेशन को हल्के में लेना पड़ सकता है महंगा
स्वास्थ्य विशेषज्ञ चेतावनी देते हैं कि शरीर में पानी की कमी को कभी भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। डिहाइड्रेशन होने पर शरीर की कार्यक्षमता प्रभावित होने लगती है। इसका असर त्वचा पर भी दिखाई देता है। पानी की कमी से त्वचा रूखी, बेजान और अपनी प्राकृतिक चमक खो सकती है। लंबे समय तक पर्याप्त पानी न पीने पर त्वचा पर झुर्रियां पड़ने की समस्या भी बढ़ सकती है।
गंभीर मामलों में डिहाइड्रेशन स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकता है, इसलिए समय रहते इससे बचाव जरूरी है।
डिहाइड्रेशन से बचने के लिए अपनाएं ये आसान उपाय
मानसून के दौरान शरीर में पानी का संतुलन बनाए रखने के लिए दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए। विशेषज्ञ आमतौर पर 8 से 10 गिलास पानी पीने की सलाह देते हैं। इसके अलावा नींबू पानी और नारियल पानी जैसे प्राकृतिक पेय भी शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद कर सकते हैं।
फलों का सेवन भी डिहाइड्रेशन से बचाव में अहम भूमिका निभाता है। खीरा, केला, तरबूज, खरबूजा और पपीता जैसे फलों में पानी की अच्छी मात्रा होती है, जो शरीर में जल स्तर बनाए रखने में सहायक माने जाते हैं।
Navyug Samachar