Saturday , 15 August 2026

चार महीने पहले हुई थी लव मैरिज, अब एक साथ उठीं पति-पत्नी की अर्थियां! लुधियाना में दर्दनाक मौतों ने खड़े किए कई सवाल

पंजाब डेस्क: पंजाब के खन्ना क्षेत्र से सामने आई एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। चार महीने पहले जिस घर में शादी की खुशियां और नई जिंदगी के सपने सजाए गए थे, उसी घर में अब मातम पसरा है। नवविवाहित दंपती की 24 घंटे के भीतर हुई मौत ने परिवार और गांव दोनों को सदमे में डाल दिया है।

जानकारी के अनुसार 31 वर्षीय गुरकरमदीप सिंह, जो पेशे से आर्किटेक्ट था, ने करीब चार महीने पहले 23 वर्षीय जैसमीन नागरा से प्रेम विवाह किया था। परिवार को उम्मीद थी कि दोनों अपनी नई जिंदगी को खुशहाल तरीके से आगे बढ़ाएंगे, लेकिन घटनाक्रम ने सबको स्तब्ध कर दिया।

परिवार ने रिश्तेदारी की महिला पर लगाए गंभीर आरोप

मृतक की मां के अनुसार, परिवार की रिश्तेदारी में भाभी लगने वाली एक महिला का पहले से गुरकरमदीप से परिचय था। परिवार का आरोप है कि विवाह के बाद भी महिला लगातार संपर्क में रही और युवक पर दबाव बनाती रही।

परिजनों का कहना है कि महिला कथित तौर पर पैसे मांग रही थी और युवक को मानसिक रूप से परेशान तथा ब्लैकमेल कर रही थी। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

तनाव में था युवक, जहरीला पदार्थ निगलने का आरोप

परिवार के मुताबिक पिछले कुछ समय से गुरकरमदीप मानसिक तनाव में रहने लगा था। उसने अपनी परेशानी कई बार घरवालों के सामने भी रखी थी। आरोप है कि लगातार बढ़ते दबाव के बाद उसने घर में रखा जहरीला पदार्थ निगल लिया।

परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पति की मौत का सदमा नहीं सह पाई पत्नी

परिवार का दावा है कि पति की मौत की खबर के बाद जैसमीन पूरी तरह टूट गई थी। वह लगातार रो रही थी और गहरे सदमे में थी। कुछ समय बाद उसने भी जहरीला पदार्थ निगल लिया।

अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इस तरह कुछ ही घंटों के अंतराल में पति-पत्नी दोनों की मौत हो गई और पूरा परिवार शोक में डूब गया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी

मृतक की मां के बयान के आधार पर पुलिस ने संबंधित महिला के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी के अनुसार पूरे घटनाक्रम के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों के समर्थन में क्या तथ्य और सबूत सामने आते हैं।

 

Check Also

₹175 का दूध रिफंड लेना पड़ा महंगा! फर्जी कस्टमर केयर के जाल में फंसी महिला, खाते से उड़ गए ₹1.91 लाख

नेशनल डेस्क: गुजरात के राजकोट में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया …