Monday , 5 October 2026

‘रामभक्तों पर गोलियां चलाने वाले आज आस्था की बात कर रहे’, रामपुर से सीएम योगी का सपा-कांग्रेस पर बड़ा हमला

अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर चल रही राजनीतिक बहस के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। रामपुर में करीब 690 करोड़ रुपये की लागत वाली विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग कभी रामभक्तों पर गोलियां चलवाते थे और ‘जय श्रीराम’ के नारों का विरोध करते थे, वही आज आस्था और भगवान राम की बात कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को रामपुर के शाहबाद पहुंचे, जहां उन्होंने 102 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों के साथ-साथ प्रदेश की राजनीति, कानून-व्यवस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी बात रखी।

राम मंदिर विवाद पर विपक्ष को घेरा

अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर चल रही बयानबाजी का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज कुछ लोग भगवान राम की भक्ति और आस्था की दुहाई दे रहे हैं, जबकि अतीत में रामभक्तों को निशाना बनाया जाता था।

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले जब रामभक्त ‘रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे’ का नारा लगाते थे, तब उन पर गोलियां चलाई जाती थीं और ‘जय श्रीराम’ बोलने वालों पर लाठियां बरसाई जाती थीं। उन्होंने कहा कि जनता की ताकत ने राजनीतिक दलों को अपना रुख बदलने पर मजबूर कर दिया है।

‘भगवान राम और कृष्ण के अस्तित्व पर उठते थे सवाल’

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण के अस्तित्व पर सवाल खड़े किए जाते थे, लेकिन आज अयोध्या जाने की होड़ मची हुई है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम पूरे देश के हैं और जनता सब कुछ देख और समझ रही है।

2017 से पहले के यूपी का किया जिक्र

समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश पहचान के संकट से जूझ रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में बेटियां सुरक्षित नहीं थीं, व्यापारी भय के माहौल में काम करते थे, किसान परेशान थे और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सीमित थे।

उन्होंने कहा कि सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता की कमी थी और धांधली के कारण कई मामलों में अदालतों को हस्तक्षेप करना पड़ता था। मुख्यमंत्री के मुताबिक, उस समय विकास का लाभ सीमित लोगों तक पहुंचता था, जबकि गरीब, दलित और आम जनता उपेक्षित रहती थी।

‘आज हर वर्ग तक पहुंच रहा विकास’

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि वर्तमान सरकार में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, बेहतर कानून-व्यवस्था और तेज विकास कार्यों के कारण प्रदेश के हर वर्ग को योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के विकास योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम कर रही है।

रामपुर की बदली तस्वीर का किया जिक्र

रामपुर की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह जिला अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पैचवर्क कला, वायलिन निर्माण और मेंथा उत्पादन के लिए देशभर में पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि एक समय रामपुर जमीन कब्जाने और अन्याय की राजनीति के लिए चर्चा में रहता था, लेकिन अब यहां विकास और सुशासन की नई तस्वीर दिखाई दे रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों और दलितों की जमीनों पर कब्जे की संस्कृति समाप्त हुई है और विकास कार्यों का लाभ सभी वर्गों तक पहुंचाया जा रहा है।

धार्मिक आयोजनों और अर्थव्यवस्था पर भी बोले सीएम

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा, रामनवमी, दीपावली, जन्माष्टमी और अन्य धार्मिक आयोजनों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पहले धार्मिक आयोजनों और यात्राओं में बाधाएं उत्पन्न की जाती थीं, जबकि आज ये पर्व और आयोजन पूरे उत्साह और भव्यता के साथ संपन्न हो रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश आज देश की सबसे तेजी से आगे बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और विकास, सांस्कृतिक विरासत तथा सुशासन का नया मॉडल बनकर उभरा है।

 

Check Also

सीएम योगी का बड़ा ऐलान! 4.60 लाख छात्रों के खातों में एक क्लिक से पहुंचे 148 करोड़, बोले- पढ़ाई पर करें पहला निवेश

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के 4.60 लाख छात्र-छात्राओं के बैंक …