Sunday , 13 September 2026

उत्तराखंड में दर्दनाक सड़क हादसा: खाई में गिरी बोलेरो, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत; 16 साल का मासूम गंभीर

उत्तराखंड डेस्क: उत्तराखंड के पौड़ी जिले में देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर कुंडाधार के पास शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। एक बोलेरो अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 वर्षीय एक किशोर गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कुंडाधार के पास खाई में गिरी बोलेरो

पौड़ी मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर कुंडाधार के पास यह हादसा हुआ। हरिद्वार से पौड़ी की ओर जा रही बोलेरो अचानक अनियंत्रित हुई और करीब ढाई मीटर गहरी खाई में जा गिरी। शुरुआती जानकारी में हादसे की वजह तेज गति यानी ओवरस्पीड बताई जा रही है। हालांकि, जिस स्थान पर वाहन सड़क से नीचे गिरा, वहां सड़क काफी चौड़ी और पक्की बताई गई है।

एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत

हादसे में हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र के ग्राम रायपुर जीतपुर निवासी अफजाल, उनकी पत्नी शब्बो, अफजाल के भाई गुफरान, उनके 14 वर्षीय बेटे शादाब और 3 वर्षीय बेटी अनाविया की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक महिला और दो बच्चे भी शामिल हैं।

वहीं, अफजाल का 16 वर्षीय बेटा अरहाम हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार में वही एकमात्र व्यक्ति है जो हादसे के बाद जीवित मिला।

गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया मासूम

हादसे के बाद घायल अरहाम को 108 एंबुलेंस के जरिए पहले स्वास्थ्य केंद्र बागी देवप्रयाग ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे श्रीनगर बेस चिकित्सालय रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस और एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान

हादसे की सूचना मिलते ही पौड़ी और टिहरी पुलिस के साथ एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची। खड़ी चढ़ाई वाले इलाके के कारण राहत और बचाव अभियान में टीमों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। रेस्क्यू टीम ने खाई से सभी शवों को बाहर निकाल लिया।

थाना देवप्रयाग के उपनिरीक्षक रविंद्र भंडारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब साढ़े 11 बजे हुआ। पुलिस के अनुसार बोलेरो में सवार सभी लोग एक ही परिवार के थे और हरिद्वार से पौड़ी की ओर जा रहे थे।

ठेकदारी और मजदूरी से जुड़ा था परिवार

पुलिस के अनुसार हादसे का शिकार परिवार ठेकदारी, वेल्डिंग और मजदूरी से जुड़े काम करता था। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

 

Check Also

पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनप्रीत सिंह गोनी और इंटरनेशनल गोल्ड मेडलिस्ट कुनार आप में शामिल, सीएम मान ने किया स्वागत

पंजाब डेस्क: पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनप्रीत सिंह गोनी और इंटरनेशनल गोल्ड मेडलिस्ट एथलीट कुनार बुधवार …