
यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और गुरुवार, 2 जुलाई को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, तेज आंधी, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के मुताबिक बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर और बरेली समेत आसपास के इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
इसके अलावा बांदा, चित्रकूट, महोबा, झांसी, ललितपुर, प्रयागराज, कौशांबी, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोरखपुर, देवरिया, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच और अंबेडकर नगर में भी गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
पश्चिमी और मध्य यूपी के कई जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, कासगंज, एटा, मैनपुरी, इटावा, औरैया, अमरोहा, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर नगर, कानपुर देहात और फतेहपुर में अच्छी बारिश होने के आसार हैं।
वहीं राजधानी लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, सीतापुर, हरदोई, बाराबंकी, प्रतापगढ़, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, मथुरा, हाथरस, आगरा और फिरोजाबाद में तेज बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
बारिश से तापमान में आई बड़ी गिरावट
बीते 24 घंटों के दौरान हुई बारिश के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। सबसे अधिक 157 मिलीमीटर बारिश बरेली में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा ललितपुर में 106 मिलीमीटर, लखीमपुर खीरी में 99.4 मिलीमीटर, अयोध्या में 69 मिलीमीटर और अंबेडकर नगर में 66 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
हालांकि आगरा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं हरदोई में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली।
किसानों के लिए राहत लेकर आया मानसून
मानसूनी बारिश से किसानों को भी बड़ी राहत मिली है। धान समेत खरीफ फसलों की बुवाई के लिए पर्याप्त नमी मिलने लगी है, जिससे कृषि कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के लिए यह वर्षा फायदेमंद मानी जा रही है।
मौसम विभाग ने लोगों को दी अहम सलाह
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों से खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न होने की अपील की है। आकाशीय बिजली चमकने पर सुरक्षित स्थान पर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। तेज हवाओं के दौरान कमजोर ढांचों और पुराने पेड़ों से भी दूरी बनाए रखने को कहा गया है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों तक उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय बना रहेगा और अधिकांश जिलों में रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
Navyug Samachar