
यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश में लंबे इंतजार के बाद मानसून पूरी तरह सक्रिय होता नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने बुधवार (1 जुलाई 2026) को राज्य के कई जिलों में अगले 2 से 3 घंटों के भीतर भारी बारिश, तेज आंधी, आकाशीय बिजली और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं का बड़ा अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मानसून पूरे प्रदेश को कवर कर लेगा, जिससे अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
अगले 2 घंटों में कई जिलों में तेज बारिश और बिजली गिरने की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, आपके जनपद में अगले 2 घंटों के भीतर कुछ स्थानों पर बिजली कड़कने के साथ तेज हवाओं और वर्षा की प्रबल संभावना है। इस दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है क्योंकि अचानक मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट, भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ ने बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर और बरेली समेत आसपास के क्षेत्रों में अत्यधिक भारी वर्षा की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।
पूर्वांचल और बुंदेलखंड में भी असर, कई जिलों में येलो अलर्ट
बुंदेलखंड और पूर्वांचल के बांदा, चित्रकूट, महोबा, झांसी, ललितपुर, प्रयागराज, वाराणसी, मिर्जापुर, गोरखपुर, देवरिया, बस्ती, बलिया समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
लखनऊ समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना
राजधानी लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, सीतापुर, हरदोई, बाराबंकी, कानपुर, आगरा और गौतमबुद्ध नगर समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
बारिश से तापमान में गिरावट, कुछ जिलों में राहत तो कुछ में गर्मी बरकरार
मानसूनी बारिश के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। बरेली समेत कई जिलों में भारी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि कुछ क्षेत्रों में गर्मी अभी भी बनी हुई है।
किसानों और आम लोगों के लिए राहत की खबर
मानसून की सक्रियता से किसानों के चेहरे पर राहत देखने को मिल रही है। धान समेत खरीफ फसलों की बुवाई के लिए यह बारिश बेहद लाभकारी मानी जा रही है। वहीं आम लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली है।
मौसम विभाग की अपील, सतर्क रहें लोग
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि तेज बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
Navyug Samachar