Monday , 5 October 2026

Weather Update Today: यूपी-बिहार में अभी नहीं थमेगा बारिश का दौर, 23 राज्यों में आंधी-पानी का अलर्ट; जानें दिल्ली से लखनऊ तक मौसम का हाल

Lucknow: मॉनसून की विदाई अभी पूरी तरह नहीं हुई है। उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 3 अक्टूबर 2026 को देश के 23 राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। शनिवार को कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।

मॉनसून की वापसी के बीच कई सिस्टम सक्रिय

मौसम विभाग के मुताबिक मॉनसून लौट रहा है, लेकिन अभी इसकी पूरी तरह विदाई नहीं हुई है। मॉनसून की रेखा गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, धौलपुर, उदयपुर और डीसा से होकर गुजर रही है और आगे गुजरात के नलिया तक जा रही है।

पश्चिम बंगाल के कोलकाता में लो प्रेशर एरिया बना हुआ है, जबकि असम में एक परिसंचरण तंत्र सक्रिय है। दक्षिण भारत में दक्षिण-पूर्वी अरब सागर के पास भी एक सर्कुलेशन बना हुआ है और ट्रफ लाइन भी देखी जा रही है। इन मौसमी परिस्थितियों के चलते कई राज्यों में बारिश और आंधी का दौर जारी रहने की संभावना है।

23 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने 3 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, असम, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक में आंधी-बारिश की संभावना जताई है।

इन राज्यों में बारिश के दौरान हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं तमिलनाडु और पुडुचेरी में शनिवार को 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है।

दिल्ली में साफ रहेगा मौसम, तेज हवाएं चलेंगी

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 3 अक्टूबर को मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि, तेज हवाएं चल सकती हैं। शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है। कई इलाकों में 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।

उत्तर प्रदेश में कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में शनिवार को आंधी और बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार कानपुर, प्रयागराज, मेरठ, मैनपुरी, हरदोई, एटा, आगरा, मथुरा, बरेली और कासगंज समेत कई इलाकों में मौसम बदल सकता है। बारिश के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

लखनऊ में शनिवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

बिहार में मूसलाधार बारिश की चेतावनी

बिहार के कई जिलों में 3 अक्टूबर को तेज बारिश और आंधी का अलर्ट है। भागलपुर, कटिहार, अररिया, किशनगंज, समस्तीपुर, पूर्वी चंपारण, मुंगेर, पूर्णिया, वैशाली, गया और जहानाबाद में बारिश की संभावना जताई गई है।

इस दौरान कई जगहों पर 45 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। पटना में शनिवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।

झारखंड में भी तेज बारिश के आसार

झारखंड के कई जिलों में शनिवार को तेज बारिश होने की संभावना है। रांची, बोकारो, हजारीबाग, पलामू, सिमडेगा और गुमला में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

रांची में 3 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी आंधी-पानी

राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी 3 अक्टूबर को आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। राजस्थान के उदयपुर, बीकानेर, कोटा, अजमेर, भीलवाड़ा, भरतपुर, बूंदी और बारां में मौसम खराब हो सकता है। जयपुर में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।

मध्य प्रदेश के इंदौर, देवास, पन्ना, उमरिया, गुना, कटनी, नीमच, मुरैना, छिंदवाड़ा और अशोक नगर में बारिश और आंधी की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। भोपाल में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।

 

Check Also

सीएम योगी का बड़ा ऐलान! 4.60 लाख छात्रों के खातों में एक क्लिक से पहुंचे 148 करोड़, बोले- पढ़ाई पर करें पहला निवेश

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के 4.60 लाख छात्र-छात्राओं के बैंक …