
नेशनल डेस्क: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में जांच एक नए मोड़ पर पहुंच गई है। अदालत में हुई सुनवाई के दौरान पुलिस ने चौंकाने वाला बयान देते हुए स्वीकार किया है कि अभी तक इस बात के पुख्ता सबूत नहीं मिले हैं कि आखिर केतन अग्रवाल को किसने धक्का दिया था। इसी वजह से पुलिस ने मुख्य आरोपी सिया गोयल का लाई डिटेक्टर यानी पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की अनुमति कोर्ट से मांगी है।
पुलिस का बड़ा बयान, जांच में गहराई की कोशिश
पुलिस ने अदालत को बताया है कि सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी के बयान पहले ही दर्ज किए जा चुके हैं, लेकिन मामले की परतें खोलने के लिए अब पॉलीग्राफ टेस्ट जरूरी माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि इस टेस्ट से जांच में नई और अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं। हालांकि, यह भी स्पष्ट किया गया है कि इस तरह के टेस्ट को अदालत में ठोस सबूत के रूप में स्वीकार नहीं किया जाता।
सगाई टूटने के डर से रची गई साजिश का शक
जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार, पुलिस को शक है कि सिया गोयल केतन अग्रवाल से अपनी सगाई टूटने के सामाजिक असर को लेकर चिंतित थी। इसी वजह से सगाई खत्म करने के बजाय उसे खत्म करने की साजिश रची गई और उसे हादसे का रूप देने की योजना बनाई गई। पुलिस का यह भी दावा है कि इस पूरी साजिश में उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी की भूमिका भी सामने आई है।
पासपोर्ट गायब करने से लेकर जलाने तक का आरोप
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुंबई एयरपोर्ट जाते समय सिया गोयल ने कथित तौर पर रास्ते में रुककर केतन अग्रवाल का पासपोर्ट गायब किया और बाद में उसे नष्ट कर दिया। इस वजह से दोनों की विदेश यात्रा रद्द हो गई थी।
इसके अलावा यह भी सामने आया है कि घटना के समय केतन का मोबाइल फोन कुछ समय तक सिया के पास था, जिसे बाद में परिवार को सौंप दिया गया।
घटनास्थल पर क्राइम सीन रिक्रिएशन
पुलिस ने चेतन चौधरी के साथ मिलकर घटनास्थल पर क्राइम सीन रिक्रिएशन भी किया। इस दौरान करीब 300 फीट गहरी खाई में केतन की लंबाई और वजन के बराबर एक फाइबर डमी फेंककर पूरे घटनाक्रम को समझने की कोशिश की गई।
18 जून को हुई थी घटना
गौरतलब है कि 18 जून को पुणे के लोणावाला क्षेत्र स्थित लोहगढ़ किले पर रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की कथित तौर पर चट्टान से धक्का देकर हत्या कर दी गई थी। केतन की सगाई सिया गोयल से हुई थी और दोनों की शादी नवंबर में तय थी। इस मामले में पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया है।
Navyug Samachar