भुवनेश्वर: ओडिशा सरकार ने राज्य की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को बड़ी राहत देते हुए उनके मासिक मानदेय और सेवानिवृत्ति पर मिलने वाली आर्थिक सहायता में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। नए फैसले के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 2 हजार रुपये और सहायिकाओं का 1 हजार रुपये बढ़ाया गया है। इसके अलावा, रिटायरमेंट के समय मिलने वाली सहायता राशि भी तीन गुना तक कर दी गई है।
सरकार का यह फैसला महिलाओं और बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और विकास से जुड़ी योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने वाली आंगनवाड़ी कर्मियों की आर्थिक सुरक्षा मजबूत करने के उद्देश्य से लिया गया है।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का कितना बढ़ा मानदेय?
नई भुगतान व्यवस्था के मुताबिक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का मासिक मानदेय 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये कर दिया गया है। वहीं, सहायिकाओं को अब हर महीने 5 हजार रुपये के बजाय 6 हजार रुपये मिलेंगे। इस तरह कार्यकर्ताओं के मानदेय में 2 हजार रुपये और सहायिकाओं के मानदेय में 1 हजार रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
मृत्यु पर मिलने वाली सहायता राशि भी दोगुनी
ओडिशा सरकार ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को मिलने वाली अनुग्रह राशि (एक्स-ग्रेशिया) में भी बड़ा बदलाव किया है। पहले यह सहायता 2 लाख रुपये थी, जिसे बढ़ाकर अब 4 लाख रुपये कर दिया गया है। यानी इस मद में मिलने वाली आर्थिक सहायता दोगुनी हो गई है।
रिटायरमेंट पर कार्यकर्ताओं को 3 लाख, सहायिकाओं को 1.5 लाख
सेवानिवृत्ति के समय मिलने वाली आर्थिक सहायता में भी सरकार ने बढ़ोतरी की है। नई व्यवस्था के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को अब 1 लाख रुपये के बजाय 3 लाख रुपये मिलेंगे। वहीं, सहायिकाओं के लिए यह राशि 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 1.5 लाख रुपये कर दी गई है।
पुरानी सरकारी सुविधाएं भी जारी रहेंगी
सरकार ने स्पष्ट किया है कि मानदेय और अन्य वित्तीय लाभों में बढ़ोतरी के बावजूद आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को पहले से मिल रहे सरकारी योजनाओं के लाभ जारी रहेंगे। यानी नई बढ़ोतरी मौजूदा सुविधाओं के अतिरिक्त होगी। सरकार को उम्मीद है कि इस फैसले से आंगनवाड़ी कर्मियों की आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा मजबूत होगी।
Navyug Samachar
