
नई दिल्ली: परिसीमन विधेयक को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने प्रस्तावित 850 लोकसभा सीटों, महिला आरक्षण और परिसीमन आयोग की संरचना को लेकर आपत्ति जताई। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी महिला आरक्षण की आड़ में देश का चुनावी नक्शा अपने राजनीतिक हितों के मुताबिक बदलना चाहती है।
राहुल गांधी ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक पहले ही पारित हो चुका है और इसे लागू करने में देरी नहीं होनी चाहिए। ऐसे में लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर 850 करने की जरूरत पर उन्होंने सवाल उठाया। उनके मुताबिक, इतनी बड़ी संख्या में सीटें बढ़ाने से निर्वाचन क्षेत्रों का नए सिरे से निर्धारण करने की व्यापक गुंजाइश मिलेगी, जिसका इस्तेमाल राजनीतिक फायदे के लिए किया जा सकता है।
‘बीजेपी नया चुनावी नक्शा तैयार करना चाहती है’
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि पहले चुनावों में कथित वोट चोरी के जरिए जीत हासिल करने की कोशिश की गई और अब परिसीमन के माध्यम से नया रास्ता तलाशा जा रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी देश का चुनावी नक्शा अपने हिसाब से तैयार करना चाहती है। इससे कुछ समुदायों का राजनीतिक प्रतिनिधित्व कमजोर हो सकता है और विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने की गुंजाइश पैदा हो सकती है।
उन्होंने दावा किया कि असम और जम्मू-कश्मीर में पहले भी निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन को लेकर सवाल उठे हैं। राहुल गांधी के अनुसार, 850 सीटों का प्रस्ताव सरकार को देशभर में निर्वाचन क्षेत्रों के व्यापक पुनर्निर्धारण का अवसर दे सकता है।
‘चुनावों में गड़बड़ी को लेकर जनता के बीच भरोसे का संकट’
कांग्रेस नेता ने चुनाव प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि देश के लोगों के बीच चुनावों की निष्पक्षता को लेकर संदेह बढ़ा है। राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि उनके सर्वेक्षणों के मुताबिक, 80 प्रतिशत भारतीय और करीब 100 प्रतिशत जेन-जी मानते हैं कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार चुनावों में धांधली करते हैं।
उन्होंने चुनाव आयोग के आंकड़ों का हवाला देते हुए 2024 के लोकसभा चुनाव में कथित तौर पर 14 करोड़ ऐसे लोगों के मतदान करने का दावा किया, जो उनके अनुसार मतदान के पात्र नहीं थे। इसी आधार पर उन्होंने 2024 के चुनाव की वैधता पर सवाल उठाए। हालांकि, ये सभी आंकड़े और आरोप राहुल गांधी की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस में किए गए दावे हैं।
जम्मू-कश्मीर, बिहार, असम और बंगाल का भी किया जिक्र
राहुल गांधी ने अलग-अलग राज्यों में चुनावी प्रक्रिया और निर्वाचन क्षेत्रों के निर्धारण को लेकर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में सीटों का नए सिरे से निर्धारण किया गया, बिहार में मतदाता सूची से नाम हटाए जाने का मामला सामने आया और असम में बीजेपी के अनुकूल पूरे राज्य की चुनावी संरचना बदलने की कोशिश हुई।
पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए उन्होंने 100 से अधिक सीटों पर चुनावी गड़बड़ी का आरोप लगाया। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस के पास मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़ी जानकारी है और इसे जल्द सार्वजनिक किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठने के बाद अब परिसीमन आयोग के जरिए चुनावी व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।
परिसीमन आयोग की संरचना पर राहुल गांधी ने उठाए सवाल
राहुल गांधी ने प्रस्तावित परिसीमन आयोग की संरचना को लेकर भी गंभीर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि आयोग में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से चुने गए एक पूर्व सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश को शामिल किए जाने का प्रस्ताव है। उनके मुताबिक, तीसरे सदस्य के चयन की प्रक्रिया में भी ज्ञानेश कुमार की भूमिका होगी।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि इस व्यवस्था से सरकार को आयोग के कामकाज पर व्यापक नियंत्रण मिल सकता है। उन्होंने यह भी दावा किया कि परिसीमन आयोग के फैसलों को अदालत में चुनौती देने का रास्ता सीमित रहेगा। राहुल गांधी ने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय बताया।
सीटों की संख्या और जनगणना पर कांग्रेस का अलग प्रस्ताव
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने एक तुलनात्मक चार्ट के जरिए कांग्रेस और सरकार के प्रस्तावों के बीच अंतर समझाया। उन्होंने कहा कि सरकार लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 850 करना चाहती है, जबकि कांग्रेस मौजूदा 543 सीटों को बरकरार रखने के पक्ष में है।
जनगणना के आधार पर परिसीमन को लेकर भी उन्होंने सरकार के प्रस्ताव से असहमति जताई। राहुल गांधी ने कहा कि सरकार 2011 की जनगणना को आधार बनाना चाहती है, जबकि कांग्रेस 2027 की जाति जनगणना के आंकड़ों के आधार पर परिसीमन की मांग कर रही है। उनके मुताबिक, सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने के लिए नवीनतम जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल जरूरी है।
उन्होंने एक निष्पक्ष और सभी दलों की भागीदारी वाले परिसीमन आयोग की मांग भी रखी। महिला आरक्षण के मुद्दे पर राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस 543 सीटों पर महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने और इसमें अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) की महिलाओं के लिए उप-कोटा शामिल करने के पक्ष में है।
SC-ST सीटों को लेकर भी जताई चिंता
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रस्तावित परिसीमन व्यवस्था से अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटें अगले 40 वर्षों तक प्रभावित हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रस्ताव में सामाजिक न्याय और विभिन्न समुदायों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़े सवालों का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा गया है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए दावा किया कि पिछले चुनाव में हार के बाद सरकार अपनी राजनीतिक स्थिति बचाने के लिए नए रास्ते तलाश रही है। राहुल गांधी ने युवाओं से इस मुद्दे को समझने और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर इसके संभावित प्रभावों को लेकर सतर्क रहने की अपील की।
NDA सहयोगियों से विधेयक पर पुनर्विचार की अपील
राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं है। उन्होंने कहा कि 543 सीटों के भीतर महिला आरक्षण लागू करने पर पार्टी को कोई आपत्ति नहीं है। विरोध 850 सीटों के प्रस्ताव और परिसीमन आयोग को व्यापक अधिकार देने की व्यवस्था को लेकर है।
उन्होंने एनडीए के सहयोगी दलों से भी अपील की कि वे विधेयक के प्रावधानों पर गंभीरता से विचार करें। राहुल गांधी के मुताबिक, यह केवल किसी एक राजनीतिक दल का मुद्दा नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र और संविधान की रक्षा से जुड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस लड़ाई में पीछे नहीं हटेगी।
Navyug Samachar