Sunday , 29 November 2026

काशी-तमिल संगमम को योगी ने बताया सांस्कृतिक एकता का प्रतीक, बोले- साथ मिलकर आगे बढ़ना ही असली संगम

वाराणसी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी तमिल संगमम को भारत की सांस्कृतिक एकता और साझा विरासत का प्रतीक बताया है। उन्होंने कहा कि काशी और तमिलनाडु की परंपराओं एवं संस्कृति में गहरा जुड़ाव है। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाने का माध्यम है। योगी के मुताबिक, संगम का अर्थ केवल एक जगह मिलना नहीं, बल्कि एक-दूसरे के साथ मिलकर आगे बढ़ना है।

मुख्यमंत्री काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण के आयोजन में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंध रहे हैं। इस आयोजन के जरिए दोनों क्षेत्रों की भाषा, परंपरा, संस्कृति और विरासत को करीब लाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे देश की सांस्कृतिक एकता को मजबूती मिलती है।

चार साल में काशी पहुंचे 26 करोड़ श्रद्धालु

योगी आदित्यनाथ ने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कॉरिडोर बनने के बाद काशी आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ है। उनके मुताबिक, पिछले चार वर्षों में करीब 26 करोड़ लोग काशी दर्शन के लिए पहुंचे। इस दौरान लगभग डेढ़ लाख करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्यटन से स्थानीय अर्थव्यवस्था और कारोबार को भी गति मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी तमिल संगमम अब केवल सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का अभियान बन गया है। तमिल भाषा और संस्कृति सिर्फ तमिलनाडु की धरोहर नहीं, बल्कि पूरे देश की साझा संपत्ति है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भी कई मंचों से तमिल भाषा और उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख कर चुके हैं।

उपराष्ट्रपति ने योगी आदित्यनाथ की तारीफ की

कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना की। उन्होंने योगी की तुलना तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री के. कामराज से करते हुए कहा कि जिस तरह तमिलनाडु में कामराज थे, उसी तरह उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ हैं। उपराष्ट्रपति ने कहा कि योगी ने उत्तर प्रदेश को पतन के प्रदेश से उत्तम प्रदेश बनाने की दिशा में काम किया है।

काशी तमिल संगमम का पांचवां संस्करण 12 दिसंबर 2026 तक चलेगा। इस आयोजन का उद्देश्य काशी और तमिलनाडु के बीच सांस्कृतिक, भाषाई और ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूत करना है।

Check Also

नेशनल पीजी कॉलेज के स्वास्थ्य शिविर में 100 से अधिक लोगों की हुई जांच, विद्यार्थियों ने दीं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं

लखनऊ: नेशनल पीजी कॉलेज के विद्यार्थियों ने शनिवार को मोती महल स्थित शांति कुटीर प्रयोगशाला …